Mohali Girl Murder: 30 सेकेंड में चाकू के 30 से ज्यादा वार... मोहाली में ऑफिस के अंदर लड़की का कत्ल, ब्रेकअप के बाद हैवान बना प्रेमी

30 सेकेंड में चाकू के 30 से ज्यादा वार... मोहाली में ऑफिस के अंदर लड़की का सरेआम कत्ल, ब्रेकअप के बाद हैवान बना प्रेमी, वीडियो डरावना

Mohali Girl Murder In Office Ex-Boyfriend Stabs With Knife CCTV Video

Mohali Girl Murder In Office Ex-Boyfriend Stabs With Knife CCTV Video

Mohali Girl Murder In Office: मोहाली के फेज-11 स्थित यूएस बेस्ड एक प्राइवेट कंपनी में एक लड़की की सरेआम हत्या कर दी गई। ऑफिस के अंदर काम करते हुए लड़की को उसके साथी सहकर्मी द्वारा ही बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया। लड़की पर 30 सेकेंड में चाकू के 30 से ज्यादा खौफनाक वार किए गए। वहीं लड़की को लहूलुहान करने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मार जान देने (आत्महत्या) की कोशिश की। वह अपने गले में बार-बार चाकू घोंपते हुए नजर आया। इस वारदात में लव ऐंगल सामने आया है।

बेहद डरावना CCTV वीडियो

हत्या की दिल दहलाने वाली पूरी वारदात ऑफिस के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। जो वीडियो सामने आया है वो रोंगटे खड़े करने और बेहद डराने वाला है। मोहाली पुलिस के मुताबिक, मृतक लड़की की पहचान पटियाला की डिंपल और आरोपी हमलावर की पहचान हरजिंदर सिंह मान के रूप में हुई है। हरजिंदर भी पटियाला का रहने वाला है। हरजिंदर का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वह अभी बेसुध अवस्था में है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है, CCTV फुटेज को कब्जे में लेते हुए घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए गए हैं।

लड़की पर 30 सेकेंड में चाकू के 30 से ज्यादा वार

सामने आए सीसीटीवी वीडियो में साफ दिखता है कि आरोपी हमलावर युवक ने लड़की पर 30 सेकेंड में चाकू के 30 से ज्यादा वार किए। लड़की ऑफिस के अंदर अपनी कुर्सी पर बैठी काम कर रही है। इसी बीच पीछे से अचानक आरोपी युवक आता है और आते ही लड़की की गर्दन पर चाकू से पहला हमला करता है। लड़की हमले से अंजान होती है। वहीं आरोपी, लड़की पर लगातार चाकू से हमले शुरू कर देता है। इस दौरान लड़की जान बचाने के लिए इधर-उधर भागती है। लेकिन आरोपी पीछा नहीं छोड़ता और उसके पीछे पड़ते हुए उस पर चाकू से वार पर वार करता रहता है।

कर्मचारियों ने बचाने की कोशिश की लेकिन...

हैरानी की बात ये है कि हैवान बने इस युवक ने सरेआम तमाम लोगों के बीच लड़की को मार डाला। वो बचने के लिए चीखती-चिल्लाती रही। लेकिन आसपास मौजूद तमाम कर्मचारियों के होते हुए भी उसकी जान नहीं बच सकी। हालांकि कर्मचारियों ने लड़की को बचाने की कोशिश की लेकिन आरोपी उन्हें चाकू दिखाकर दूर रहने की धमकी देता रहा। जिससे कर्मी डर-डरकर लड़की को बचाने की कोशिश करते नजर आए। जब तक आरोपी की हिम्मत तोड़ी जाती, तब तक लड़की खून से लथपथ हालत में मरणासन्न हो चुकी थी।

ब्रेकअप के बाद हैवान बना सनकी प्रेमी

बताया जाता है कि डिंपल और हरजिंदर दोनों मोहाली की इस एक ही कंपनी में लगभग तीन साल से काम कर रहे थे। मोहाली पुलिस के मुताबिक, इस बीच ये दोनों करीब 2 साल तक रिलेशन में रहे। हाल ही में कहासुनी के बाद हरजिंदर और डिंपल अलग हो गए थे। पुलिस का कहना है कि दोनों के रिलेशनशिप को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। माना जा रहा है कि आरोपी हरजिंदर ब्रेकअप के बाद हैवान बना। यह सनकी प्रेमी फिर से डिंपल के साथ रिलेशन रखता चाहता था। लेकिन डिंपल को यह मंजूर नहीं था। इसी 'एकतरफ़ा प्यार' में आरोपी ने डिंपल की जान ले ली। फिलहाल लविंग ऐंगल पर पुलिस की जांच जारी है।

मोहाली पुलिस के DSP का बयान

मोहाली पुलिस के DSP हरसिमरन बल ने कहा, 112 पर घटना की सूचना मिलते ही फेज 11 मोहाली SHO इंस्पेक्टर अमन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे और छानबीन व बनती कार्रवाई की गई। मौके से सबूत जुटाये गए हैं। CCTV फुटेज में यह घटना साफ़ दिख रही है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। डीएसपी ने जानकारी दी कि आरोपी के माता-पिता विदेश में रहते हैं। इसके अलावा मृतक लड़की के माता-पिता आ गए हैं। वहीं खुद पर हमले में घायल आरोपी हरजिंदर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसका ऑपरेशन किया गया है। अभी वह होश में नहीं आया है। जिससे उसे अभी खतरे से बाहर नहीं कहा जा सकता।

यह रहा वीडियो (चेतावनी- दृश्य देख विचलित हो सकते हैं)