राजस्थान ATS की बड़ी कार्रवाई: ISI से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क पर शिकंजा, 28 हिरासत में; बाड़मेर से एक गिरफ्तार

राजस्थान ATS की बड़ी कार्रवाई: ISI से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क पर शिकंजा, 28 हिरासत में; बाड़मेर से एक गिरफ्तार

1000031587

Major crackdown by Rajasthan ATS

जयपुर में राजस्थान ATS ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर रही है.  ATS का दावा है कि पाकिस्तान में बैठे मोस्ट वांटेड डॉन शहजाद भट्टी के इशारे पर सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जासूसी और तस्करी के लिए इस्तेमाल करने की साजिश रची जा रही थी. इस कार्रवाई में 28 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक आरोपी को बाड़मेर से गिरफ्तार किया गया है.

ATS कर रही छापेमारी  

एडीजी ATS और एजीटीएफ दिनेश एमएन के निर्देश में प्रदेश के 20 से अधिक शहरों और करीब 25 जिलों में एक साथ कार्रवाई की गई.  तकनीकी सर्विलांस के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर 28 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया. सभी के खिलाफ यूएपीए के तहत कार्रवाई की गई है. 

ऑनलाइन गेमिंंग के जरिए करता था संपर्क  

जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान में बैठा शहजाद भट्टी फेसबुक, इंस्टाग्राम और ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए राजस्थान के युवाओं से संपर्क करता था. पहले उन्हें पैसों और गैंगस्टर लाइफ स्टाइल का लालच दिया जाता था, फिर उनसे सेना के संवेदनशील ठिकानों की फोटो और वीडियो जुटाने के साथ-साथ हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी में मदद ली जाती थी. 

15 युवाओं की काउंसलिंग शुरू की 

ATS ने इस नेटवर्क से प्रभावित करीब 15 युवाओं की पहचान कर उनकी काउंसलिंग शुरू की है. अधिकारियों का कहना है कि इन युवाओं को मुख्यधारा में लाने के लिए डी-रेडिकलाइजेशन प्रक्रिया भी चलाई जा रही है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, शहजाद भट्टी पहले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी और हथियारों का सप्लायर रहा है. बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ा और अब भट्टी पर ISI के लिए स्लीपर सेल नेटवर्क मजबूत करने का आरोप है. 

शहजाद भट्टी के संपर्क में था बशीर  

इस मामले में बाड़मेर के रामसर थाना क्षेत्र के गागरिया गांव निवासी 20 वर्षीय बशीर को गिरफ्तार किया गया है. ATS के इनपुट पर दर्ज मामले में जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी के संपर्क में था. आरोप है कि उसने भारत से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा की, और सोशल मीडिया चैट में हथियारों की तस्वीरों का भी आदान-प्रदान हुआ. 

पूरे नेटवर्क का हुआ खुलासा 

एडीजी दिनेश एमएन ने कहा कि तकनीकी निगरानी के जरिए पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है. पाकिस्तान से सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को बहकाने की कोशिश की जा रही थी. हमारी सतर्कता के कारण अब तक उनकी कोई भी देश विरोधी साजिश सफल नहीं हो सकी है. 

अनजान व्यक्ति के संपर्क से बचने की अपील 

एडीजी दिनेश एमएन ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि राजस्थान में देशविरोधी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.