हर्ष मल्होत्रा का दावा- दिल्ली में 16 महीनों में 2,386 नई ई-बसें शामिल, केजरीवाल पर भी साधा निशाना
Harsh Malhotra Claims Delhi
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सार्वजनिक परिवहन, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुख उपलब्धियां बताया। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नीतियों और कार्यशैली पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में पारदर्शी, जवाबदेह और विकासोन्मुखी प्रशासन दिया जा रहा है।
हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने का स्वागत किया। उन्होंने दावा किया कि रेखा गुप्ता सरकार ने अपने 16 महीने के कार्यकाल में 2,386 नई ई-बसें सार्वजनिक परिवहन में शामिल की हैं, जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में कोई नई बस नहीं खरीदी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में डीटीसी के पास 1,759 सीएनजी बसें और 4,538 इलेक्ट्रिक बसें हैं। इस प्रकार राजधानी का सार्वजनिक परिवहन बेड़ा 6,297 बसों तक पहुंच गया है। मल्होत्रा ने दावा किया कि चीन के शेनझेन और बीजिंग के बाद दिल्ली के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पंजाब की राजनीति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आने के बावजूद अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय मुद्दों पर लगातार बयान दे रहे हैं, लेकिन पंजाब में नशे, कानून-व्यवस्था और अन्य स्थानीय समस्याओं पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने राज्य सरकार से जुड़े विवादों पर भी सवाल उठाए।