लखनऊ में ज्वैलरी शॉप चोरी का खुलासा, चार दिन में छह आरोपी गिरफ्तार, लाखों के जेवर और ई-रिक्शा बरामद
Lucknow jewellery shop theft solved
लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार में ज्वैलरी की दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने वाले छह बदमाशों को पुलिस ने घटना के चौथे दिन ही गिरफ्तार कर लिया। यही कारण है कि आरोपितों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, सात एंड्रायड मोबाइल फोन, नकदी और घटना में इस्तेमाल हुआ ई-रिक्शा बरामद किया गया है।
डीसीपी पूर्वी डा. दीक्षा शर्मा ने बताया कि गीतापुरी चौराहा, खरगापुर स्थित वेंकटेश ज्वैलर्स के संचालक शैलेन्द्र सोनी ने 14 जुलाई को दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में गोमतीनगर विस्तार थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। बदमाशों को पकड़ने के लिए चार टीमों को लगाया गया था।
टीम में कौन-कौन रहे शामिल?
टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों और पुराने चोरों से पूछताछ की। जांच के दौरान छह आरोपितों की पहचान हुई। गिरफ्तार आरोपितों में बाघामऊ निवासी धीरज यादव, बिहार के छपरा निवासी नीरज कुमार चौधरी, सीतापुर के सचिन राज, सर्वेश राज और धर्मेंद्र निषाद व आगरा निवासी सुमित सिंह शामिल हैं।
पुलिस ने सभी को गुरुवार सुबह बंधा रोड स्थित शालीमार अपार्टमेंट के पास से गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के कब्जे से चांदी के जग, लोटा, गिलास, प्लेट, पूजा सामग्री, अंगूठियां, बालियां, नोजपिन, मंगलसूत्र, पायल, करधनी और अन्य कीमती आभूषण बरामद हुए हैं। इसके अलावा सात मोबाइल फोन, नकद और घटना में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी जब्त किया गया है।
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपितों ने पहले दुकान की रेकी की थी। देर रात दुकान बंद होने के बाद शटर तोड़कर अंदर घुसे और जेवरात समेटकर फरार हो गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने राजधानी या आसपास के जिलों में इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।
गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ चोरी और चोरी की संपत्ति रखने की धाराएं बढ़ाते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है।