कुल्लू जिला परिषद में 23 साल बाद भाजपा की वापसी, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर किया कब्जा

1000263242

BJP returns to Kullu Zila Parishad after 23 years

कुल्लू। BJP returns to Kullu Zila Parishad after 23 years, हिमाचल प्रदेश में जिला परिषद कुल्लू के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए वीरवार को हुए चुनाव में भाजपा ने दोनों पदों पर कब्जा जमाते हुए 23 वर्ष बाद जीत दर्ज कर ली। अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित ठाकुर दास विजयी रहे, जबकि नीना देवी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। वर्ष 2003 के बाद पहली बार जिला परिषद कुल्लू का अध्यक्ष भाजपा का बना है।

पिछले लगभग 23 वर्षों से जिला परिषद अध्यक्ष की कुर्सी कांग्रेस के कब्जे में रही थी, लेकिन इस बार चुनावी जनादेश ने जिले की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया।

भाजपा प्रत्याशी को 10 वोट मिले

अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित ठाकुर दास और कांग्रेस समर्थित प्रवीण ठाकुर आमने-सामने थे। मतदान में ठाकुर दास को 14 में से 10 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रवीण ठाकुर को केवल 4 मत मिले। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से ब्रो वार्ड की नीना देवी और कांग्रेस समर्थित सुनील ठाकुर मैदान में थे। मतदान में नीना देवी को भी 10 मत मिले, जबकि सुनील ठाकुर को 4 मत प्राप्त हुए।

इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने ठाकुर दास को अध्यक्ष और नीना देवी को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।

यह थी चुनाव परिणाम के बाद स्थिति

हाल ही में हुए जिला परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित 9 प्रत्याशी विजयी होकर आए थे, जबकि कांग्रेस समर्थित 4 सदस्य निर्वाचित हुए। एक सदस्य निर्दलीय के रूप में जीतकर जिला परिषद पहुंची। स्पष्ट बहुमत के दम पर भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर आसानी से जीत दर्ज कर ली।

लगातार कांग्रेस के पास रहा अध्यक्ष पद

जिला परिषद कुल्लू में वर्ष 2003 से लेकर अब तक अध्यक्ष पद लगातार कांग्रेस के पास रहा था। इस दौरान कांग्रेस के छह अलग-अलग अध्यक्षों ने जिला परिषद का नेतृत्व किया। लंबे समय बाद भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने के साथ जिला परिषद की सत्ता परिवर्तन का यह पहला अवसर है।