'SP साहब, मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं..' MP के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दी चेतावनी, इस समय खूब चर्चा में, वीडियो
MP Former Home Minister Narottam Mishra Warns SP Datia Video Viral
Narottam Mishra Warns SP: मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा इस समय खूब चर्चा में हैं. बीजेपी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में उनका टिकट काट दिया और उनकी जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया. ज्ञात रहे कि नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने के चलते उनके आक्रोशित समर्थकों ने नेशनल हाईवे ब्लॉक कर भारी बवाल मचाया था. वहीं पुलिस फ़ोर्स के पहुंचने पर झड़प भी हुई और इस दौरान पत्थरबाजी-तोड़फोड़ की गई. जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई कर कई समर्थकों को हिरासत में भी लिया था. वहीं इसी कड़ी में अब नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस-प्रशासन की नाजायज कार्रवाई पर नाराज़गी व्यक्त की है.
दरअसल नरोत्तम मिश्रा दतिया विधानसभा से अब आशुतोष तिवारी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं. पिछले दिनों उन्होंने तिवारी का नामांकन भी भरवाया था. इसके बाद वह जनसभा को संबोधित करते हुए मंच पर रोते हुए भी देखे गए थे. नरोत्तम मिश्रा के रोने पर उनकी काफी चर्चा हुई थी और इसके कई सियासी मायने निकाले गए. वहीं अब नरोत्तम मिश्रा एक बार फिर चर्चा में तब आ गए हैं जब उन्होंने दतिया के SP को मंच से खुलेआम चेतावनी दी है. नरोत्तम मिश्रा का SP को चेतावनी देते हुए वीडियो सामने आया है और तेजी से वायरल है.
SP साहब, मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं..
सामने आये वीडियो में नरोत्तम मिश्रा कहते हैं, ''एसपी साहब मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूँ, मैं याद रखता हूं, दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूँ. मैं माइक से कह रहा हूं सारी रिकॉर्डिंग हो रही है, सभी पुलिसवाले ध्यान से सुनें और खासकर SP साहब सुने. मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि आपको चक्का जाम खुलवाना था तो खुलवाते लेकिन आपने बीजेपी कार्यालय में आँसू गैस के गोले क्यों दागे? क्या कार्यालय की बिल्डिंग सड़क पर रखी गई थी.''
नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा, ''ये माइक की आवाज एसपी साहब तक पहुंचेगी मुझे मालूम है इसीलिए कह रहा हूं निर्दोष कार्यकर्ताओं पर केस लगाना और निर्दोष लोगों को पीटना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम 3 तारीख तक इंतजार कर रहे हैं.'' बता दें कि इससे पहले टिकट काटने पर जब समर्थक बवाल मचा रहे थे तो नरोत्तम मिश्रा ने सामने आकर उनसे उत्पात न मचाने और शांति से बातचीत करने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि यह पार्टी का फैसला है और पार्टी के मंच पर विचार सही तरीके से रखे जाते हैं. इस तरह से नहीं.
नरोत्तम मिश्रा का वीडियो
डॉ. नरोत्तम मिश्रा का सियासी सफर
डॉ. नरोत्तम मिश्रा मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा चेहरा हैं और बीजेपी के दिग्गज और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं. बीजेपी संगठन और मध्य प्रदेश सरकार में उनकी रणनीतिक भूमिका महत्वपूर्ण रही है. उन्होंने पहली बार 1990 के दशक में सक्रिय राजनीति में कदम रखा था और इसके बाद दतिया विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक चुने गए. शिवराज सिंह चौहान सरकार में उन्होंने गृह, कानून, संसदीय कार्य और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली. गृह मंत्री के रूप में नरोत्तम मिश्रा कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अपने फैसलों व दो टूक बयानों को लेकर लगातार चर्चा में रहे.