अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन का बदला स्वरूप, अब यात्रियों को मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं
Transformed Amb-Andaura Railway Station
अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश में ऊना जिले का अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन अब पूरी तरह नए और आधुनिक स्वरूप में यात्रियों की सेवा के लिए तैयार है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित इस रेलवे स्टेशन के सभी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूरे हो चुके हैं। रेलवे स्टेशन में यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करेंगे, जबकि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन समारोह में स्वयं मौजूद रहेंगे।
अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन देशभर के उन 508 रेलवे स्टेशनों में शामिल है, जिन्हें अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक बनाया गया है।
3 साल में बदल गई स्टेशन की तस्वीर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अगस्त 2023 में इस परियोजना की वर्चुअल आधारशिला रखी थी। इन तीन वर्षों में स्टेशन की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। स्टेशन को पहाड़ी शैली की वास्तुकला के अनुरूप विकसित किया गया है और अब यह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है।
ये खास सुविधाएं मिलेंगी
जानकारी के अनुसार स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, बेहतर लाइट व्यवस्था, अप्रोच रोड, फुटओवर ब्रिज, एस्केलेटर, बैठने की आधुनिक व्यवस्था तथा अन्य सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए हैं। स्टेशन परिसर में सुव्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र भी तैयार किया गया है, जहां एक समय में लगभग 150 से 200 छोटे और बड़े वाहन खड़े किए जा सकते हैं।
हाई-स्पीड वाई-फाई, स्वच्छ पेयजल, लिफ्ट, एस्केलेटर, आधुनिक अनाउंसमेंट सिस्टम और बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशन भवन को हरित ऊर्जा की अवधारणा के अनुरूप विकसित किया गया है।

क्या कहते हैं अधिकारी
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन के आधुनिक बनने से यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। साथ ही माता चिंतपूर्णी सहित क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। उद्घाटन के बाद अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन क्षेत्र के सबसे आधुनिक रेलवे स्टेशनों में शामिल हो जाएगा।