नासिक धर्मांतरण मामला: मुख्य आरोपित निदा खान गिरफ्तार, राजनीतिक संरक्षण का पर्दाफाश
Nashik Conversion Case: Key Accused Nida Khan Arrested
मुंबई। Nashik Conversion Case: Key Accused Nida Khan Arrested, नासिक स्थित टीसीएस कार्यालय में मतांतरण और यौन शोषण के गंभीर मामले में फरार चल रही मुख्य आरोपित निदा खान को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम के पार्षद मतीन पटेल ने छुपाकर रखा था।
पुलिस ने गुरुवार देर रात छत्रपति संभाजीनगर से ही निदा खान को गिरफ्तार कर शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नासिक के न्यायालय में पेश किया।
11 मई तक पुलिस हिरासत में निदा
न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे 11 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। अब पुलिस ने छत्रपति संभाजी नगर महानगरपालिका के एमआइएमआइएम सभासद मतीन पटेल को भी इस मामले में सहआरोपित बना लिया है।
निदा इस मामले में गिरफ्तार आठवीं आरोपित है। सात आरोपित पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उस पर आरोप है कि वह टीसीएस नासिक कार्यालय में काम कर रही महिलाओं पर मतांतरण का दबाव बनाती थी। वह महिलाओं पर हिजाब पहनने और इस्लामी मान्यताओं का पालन करने के लिए भी दबाव बनाती थी।
उसने पीड़िता के मोबाइल में धार्मिक रूप से प्रभावित करने के लिए कुछ एप एवं यूट्यूब के लिंक भी भेजे थे। वह मलेशिया के किसी इमरान नामक व्यक्ति के भी संपर्क में थी, जिसके माध्यम से वह महिलाओं को विदेश भेजने की फिराक में थी।
निदा के कुछ आतंकी संगठनों के संपर्क में होने का भी शक किया जा रहा है। इस मामले में एनआइए और राज्य एटीएस भी जांच कर रही है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि निदा सहित अन्य आरोपितों के खातों में कहां-कहां से पैसे आते थे और उनका किस प्रकार उपयोग हो रहा था।
नासिक के देवलाली पुलिस थाने में निदा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। लेकिन, पिछले 27 दिनों से वह फरार चल रही थी। उसने नासिक कोर्ट में स्वयं के गर्भवती होने का कारण बताते हुए अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था।
गुरुवार देर रात उसे छत्रपति संभाजी नगर के नारेगांव से गिरफ्तार किया गया। वह खेतों के बीच स्थित एक घर में अपने माता, पिता, भाई और मौसी के साथ रह रही थी।
आरोप लग रहा है कि उसे एआइएमआइएम के स्थानीय सभासद मतीन पटेल ने वहां छिपने में मदद की थी। गुरुवार देर रात ही छत्रपति संभाजी नगर से ट्रांजिट रिमांड लेकर शुक्रवार सुबह उसे नासिक रोड पुलिस थाने लाया गया।
शुक्रवार को दिनभर पूछताछ के बाद उसे शाम को न्यायालय में पेश किया गया। निदा की गिरफ्तारी के बाद इस मामले ने अब एक राजनीतिक रूप ले लिया है।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना (शिंदे गुट) के कद्दावर नेता संजय शिरसाट ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए एआइएमआइएम के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद इम्तियाज जलील को कठघरे में खड़ा किया है।
शिरसाट का दावा है कि इम्तियाज जलील को निदा खान के ठिकाने की पूरी जानकारी थी और वह उसे संरक्षण दे रहे थे। प्रेट्र के अनुसार, इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह स्पष्ट है कि एआइएमआइएम सभासद ने निदा खान को पनाह देने में भूमिका निभाई है। हम पता लगाएंगे कि इसके पीछे कौन है। हम यह भी पता लगाएंगे कि क्या वे मतांतरण रैकेट में शामिल हैं या उसे बढ़ावा दे रहे हैं।