कौशांबी LPG टैंकर अग्निकांड: इलाज के दौरान 2 और टोलकर्मियों की मौत, मृतकों की संख्या 5 पहुंची
- By Gaurav --
- Friday, 03 Jul, 2026
Kaushambi LPG Tanker Blaze
कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज टोल प्लाजा पर पिछले सप्ताह एलपीजी टैंकर में लगी भीषण आग में झुलसे दो और टोल कर्मचारियों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
कोखराज टोल प्लाजा के प्रबंधक अनूप कुमार पांडे के अनुसार, रायबरेली निवासी हीरामणि सिंह (29) और मध्य प्रदेश के सीधी निवासी कृष्ण पाल मौर्य (23) ने बृहस्पतिवार को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यह हादसा 26 जून की सुबह करीब सात बजे हुआ था, जब कोखराज थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर एक एलपीजी टैंकर दीवार से टकरा गया। टक्कर के बाद टैंकर से बड़े पैमाने पर गैस रिसाव शुरू हो गया, जिसके चलते भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे टोल प्लाजा को अपनी चपेट में ले लिया और पूरा ढांचा जलकर खाक हो गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिखाई देता है कि गैस रिसाव के बाद सफेद धुआं तेजी से पूरे इलाके में फैल गया। इसी दौरान अचानक आग की लपटें उठीं और कुछ ही सेकंड में टैंकर के साथ आसपास के टोल बूथ भी आग की चपेट में आ गए।
हादसे वाले दिन टैंकर चालक धर्मेंद्र दुबे (40) की केबिन में जलकर मौत हो गई थी, जबकि टोल कर्मचारी आलोक सिंह (26) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद प्रयागराज के हंडिया निवासी राहगीर अनिल कुमार (29) की भी एक जुलाई को मौत हो गई। अब दो और कर्मचारियों की मौत के बाद मृतकों की संख्या पांच हो गई है।
टोल प्रबंधन के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों में केवल अतुल मिश्रा जीवित हैं, जिनका रीवा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस अग्निकांड में टोल कर्मचारियों की 16 मोटरसाइकिलें, दो कारें और टोल प्लाजा का पूरा बुनियादी ढांचा जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक हादसे में 3 से 4 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
टोल प्लाजा प्रबंधन ने दावा किया है कि मृतकों के परिजनों को अभी तक NHAI की ओर से किसी वित्तीय मुआवजे का आश्वासन नहीं मिला है। उनका यह भी आरोप है कि प्राधिकरण का कोई अधिकारी अब तक पीड़ित परिवारों से मिलने या संवेदना व्यक्त करने नहीं पहुंचा है।