SP की कुर्सी पर बैठकर Reel बनाई; महिला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो, अब ADG कानपुर ने दिया यह आदेश
Woman Made Reel Sitting on SP Chair In Auraiya Police Office Viral Video
Auraiya SP Office Viral Video: सोशल मीडिया के इस दौर में लोग अब कहीं भी रीलबाज बन जा रहे हैं. मतलब हर जगह लोगों को रील बनानी है. उत्तर प्रदेश के जिला औरैया में एक महिला ने तो गजब ही कर दिया. महिला ने औरैया SP की कुर्सी पर बैठकर रील बना डाली. महिला ने सोशल मीडिया पर गाने के साथ वीडियो पोस्ट किया. इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हुआ और महिला की यह रीलबाजी उसे भारी पड़ गई. ADG ज़ोन कानपुर ने वीडियो मामले में जांच और कार्रवाई का आदेश दे दिया है. इधर Reel बनाने वाली महिला ने माफी मांगते हुए बयान जारी किया है और ऐसी गलती आगे से न करने को कहा है.
.jpg)
SP कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में बनाई रील
दरअसल महिला द्वारा यह रील औरैया SP कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में बनाई गई. जहां महिला के ससुर के रिटायर होने पर विदाई समारोह हो रहा था. ससुर की रिटायरमेंट पार्टी में पहुंची महिला ने समारोह खत्म होने के बाद उस कुर्सी पर बैठकर रीलबाजी की. जो उस कॉन्फ्रेंस हॉल में औरैया के पुलिस अधीक्षक (SP) की कुर्सी थी. इधर सोशल मीडिया पर जब SP की कुर्सी पर बैठे हुए महिला का रील वीडियो सामने आया है तो हडकंप मच गया. लोगों ने सवाल उठाया कि कैसे SP की कुर्सी पर बैठकर रील बनाई जा सकती है?
महिला ने माफी मांगते हुए जारी किया बयान
रील बनाने वाली महिला ने बयान जारी कर कहा, ''मैं अपने ससुर की रिटायरमेंट पार्टी में औरैया पुलिस कार्यालय गई हुई थी. पार्टी हो जाने के बाद जब सभी अधिकारी चले गए थे तो मैं वहां पर बैठी हुई थी तो मैंने वहां रील वीडियो बनाई और इन्स्टाग्राम पर दाल दी. वो मुझसे बहुत बड़ी गलती हुई है और मैंने वो वीडियो डीलीट भी कर दी है. आगे से ऐसा कभी नहीं होगा. मैंने इतना नहीं सोचा लेकिन बाद में मुझे अहसास हुआ की मैंने गलत किया है. मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था.'' महिला ने हाथ जोड़कर तह दिल से इसके लिए क्षमा मांगी है.
महिला की Reel पर औरैया पुलिस का आया बयान
इस पूरे मामले पर औरैया पुलिस ने बयान जारी कर कहा, ''उक्त प्रकरण में अवगत कराना है कि दिनांक 30.06.2026 को जनपद औरैया के पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में 04 पुलिस कर्मियों के सेवानिवृत्ति का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उक्त कार्यक्रम में एक सेवानिवृत्त उ0नि0 के परिजन द्वारा भूलवश वीडियो बनायी गयी और अपने सोशल मीडिया एकाउंट इन्स्टाग्राम पर पोस्ट की गयी थी। उक्त वीडियो को परिजन द्वारा डिलीट कर दिया गया है व भविष्य में इस प्रकार का कृत्य न करने का आश्वासन दिया गया है.'' औरैया पुलिस के इस बयान पर लोगों ने सवाल उठाये. वहीं बाद में अब ADG ज़ोन कानपुर ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है.
