हरोली बना हिमाचल का पहला पूर्ण CCTV निगरानी वाला विधानसभा क्षेत्र, डिप्टी CM ने लॉन्च किया 'आईना' सिस्टम
- By Gaurav --
- Friday, 03 Jul, 2026
Haroli Becomes Himachal’s First
ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले का हरोली विधानसभा क्षेत्र राज्य का पहला पूर्ण सीसीटीवी निगरानी वाला विधानसभा क्षेत्र बन गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को 5.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर 'आईना' का लोकार्पण किया। मिनी सचिवालय स्थित डीएसपी कार्यालय में स्थापित यह सेंटर स्मार्ट और तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में अब अपराध की नीयत से आने वाला कोई भी व्यक्ति कानून की नजर से बच नहीं सकेगा। विधानसभा क्षेत्र के 60 महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए 195 हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे निगरानी करेंगे। अपराध में प्रयुक्त या संदिग्ध वाहन क्षेत्र में प्रवेश करते ही कमांड सेंटर को स्वतः अलर्ट मिलेगा, जिससे पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकेगी।
उन्होंने बताया कि 'आईना' हिमाचल प्रदेश की पहली पूर्णतः वायरलेस कमांड एंड कंट्रोल प्रणाली है। सेंटर में लगी 19 बड़ी एलईडी वीडियो वॉल के माध्यम से पूरे क्षेत्र की लाइव मॉनिटरिंग होगी। यह सिस्टम तीन महीने तक डेटा सुरक्षित रखने में सक्षम है और किसी प्रकार की छेड़छाड़ होने की स्थिति में भी आठ घंटे तक का डेटा सुरक्षित रहेगा।
यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगभग 1.50 करोड़ रुपये की लागत से सात इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) भी स्थापित किए गए हैं। इनके जरिए ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग और सीट बेल्ट न लगाने जैसी यातायात नियमों की उल्लंघन की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि हरोली में एसडीएम कार्यालय, विभिन्न सरकारी सेवाओं और वाहन पंजीकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे लोगों को अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
उन्होंने घोषणा की कि अगले कुछ दिनों में हरोली बस डिपो शुरू कर दिया जाएगा। यहां से दिल्ली, चंडीगढ़, शिमला और एम्स बिलासपुर सहित कई प्रमुख शहरों के लिए नियमित बस सेवाएं शुरू होंगी। साथ ही टाहलीवाल में नए पुलिस थाना भवन का निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि हरोली अस्पताल को 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तरों का बनाने के लिए 8.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा क्षेत्र में करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से पुलों का निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं पर 172 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश तथा शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण संस्थानों का संचालन किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि करीब 2,000 करोड़ रुपये की बल्क ड्रग पार्क परियोजना की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी जल्द आयोजित की जाएगी। इस परियोजना से बड़े पैमाने पर निवेश आएगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इस अवसर पर उन्होंने डीएसपी कार्यालय हरोली के लिए नए पुलिस वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पंजाब सीमा से लगे हरोली उपमंडल के 60 संवेदनशील स्थानों पर कुल 195 सीसीटीवी कैमरे, जिनमें 103 ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे शामिल हैं, स्थापित किए गए हैं। इनकी मदद से संदिग्ध वाहनों की पहचान, अपराध की रोकथाम और यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।