Two Truck Drivers Killed in Head

श्रावस्ती में दो ट्रकों की भीषण टक्कर, दोनों चालकों की मौत; घर पर गिरी लकड़ियां, दंपति समेत बेटा घायल

driv

Two Truck Drivers Killed in Head

श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग बौद्ध परिपथ पर दो ट्रकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लकड़ियों से लदे ट्रक का सामान सड़क किनारे घर के बाहर सो रहे एक परिवार पर गिर गया, जिससे दंपति और उनका 13 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के खरगौरा बस्ती स्थित विजयी पुरवा के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। लकड़ियों से लदा ट्रक और शीतल पेय से भरा दूसरा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लकड़ियों से लदा ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरी लकड़ियां सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे परिवार पर जा गिरीं।

दुर्घटना में विजयी पुरवा निवासी अरुण कुमार पांडे उर्फ पिंटू (32), उनकी पत्नी सीमा पांडे (30) और 13 वर्षीय पुत्र पीयूष पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दोनों ट्रकों के चालक वाहनों में फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक खलासी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया।

नवीन मॉडर्न थाना प्रभारी निरीक्षक जयहरि मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रकों में फंसे दोनों चालकों के शव बाहर निकलवाए। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सामान्य कराया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार या वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।