Gender Sensitivity Capacity Building

सोनीपत में 'जेंडर सेंसिटिविटी' पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित, शिक्षकों को समावेशी शिक्षा का दिया संदेश

gad

Gender Sensitivity Capacity Building

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में 'जेंडर सेंसिटिविटी (लैंगिक संवेदनशीलता)' विषय पर एक इन-हाउस क्षमता निर्माण कार्यक्रम (Capacity Building Programme - CBP) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों में लैंगिक समानता, आपसी सम्मान, समावेशिता तथा सुरक्षित एवं भेदभाव-मुक्त विद्यालयी वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम का संचालन मुख्य रिसोर्स पर्सन सपना (RP147317) ने किया। उन्होंने शिक्षकों को लैंगिक संवेदनशीलता के विभिन्न आयामों, समान अवसरों और विद्यार्थियों के समग्र विकास में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यालयों में समानता, सम्मान और समावेशी वातावरण विकसित करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान संवादात्मक गतिविधियों, समूह चर्चा और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विषय को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे सभी प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हुई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर थवामणि ने रिसोर्स पर्सन सपना के मार्गदर्शन और सभी शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लैंगिक संवेदनशीलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है और इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के साथ-साथ सकारात्मक एवं समावेशी विद्यालयी संस्कृति के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। प्रशिक्षण सत्र प्रतिभागियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और व्यवहारिक साबित हुआ। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रबंधक समिति के सदस्यों ने सीबीएसई रिसोर्स पर्सन सपना का आभार व्यक्त करते हुए सभी शिक्षकों के सक्रिय सहयोग की सराहना की।