Karsog Police Seize 1.875 Kg

करसोग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, होंडा सिटी कार से 1.875 किलो चरस बरामद; 3 तस्कर गिरफ्तार

charas

Karsog Police Seize 1.875 Kg

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करसोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होंडा सिटी कार से 1.875 किलोग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गश्त और नियमित चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार (CH 01AK-4503) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान चालक की सीट के पीछे और पिछली सीट के नीचे रखे पीले रंग के जिप वाले बैग से 1.875 किलोग्राम चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश कुमार निवासी रौडीधार (जिला मंडी), पुनीत निवासी सुन्नी (जिला शिमला) और पदम सिंह निवासी खडेहण (जिला मंडी) के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने चरस कहां से खरीदी थी और इसकी आपूर्ति किस क्षेत्र में की जानी थी। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसडीपीओ चांद किशोर ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।