मनरेगा में लापरवाही और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप, संयुक्त आयुक्त संजय कुमार पांडेय निलंबित
Joint Commissioner Sanjay Kumar Pandey suspended
लखनऊ। ग्राम्य विकास विभाग ने संयुक्त आयुक्त (मनरेगा) संजय कुमार पांडेय को निलंबित कर दिया है। वित्तीय अनियमितताओं और लापरवाही के आरोप में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद यह कार्रवाई उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर की गई है। उनको ग्राम्य विकास आयुक्त के कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार संजय कुमार पांडे 15 मार्च को लोकपालों का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनके कार्यकाल विस्तार या नवीनीकरण से संबंधित प्रस्ताव या पत्रावली प्रस्तुत नहीं की गई। वहीं संबंधित विशेषज्ञ के खिलाफ कार्रवाई न करने, भारत सरकार के निर्देशों और शासनादेशों का उल्लंघन करने और मनरेगा के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर उचित पर्यवेक्षण व कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं।
इनके अलावा उन्नाव में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के उपायुक्त स्वतः रोजगार के पद पर तैनाती के दौरान उनके द्वारा वित्तीय अनियमितताएं करने के आरोप की जांच में वह प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए हैैं। विभाग ने संजय कुमार पांडेय के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई है और जांच शुरू कर दी है।