राबड़ी आवास खाली होने के बाद 10 सर्कुलर रोड का निरीक्षण तेज, भवन निर्माण विभाग ने शुरू की आगे की कार्रवाई
Inspection of 10 Circular Road intensifies
पटना। Inspection of 10 Circular Road intensifies, पूर्व मुख्यमंत्री व विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी (Rabri Devi) द्वारा 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने के बाद शुक्रवार को भवन निर्माण विभाग के अलग-अलग अभियंताओं ने आवास का जायजा लिया।
बिजली, उद्यान प्रमंडल व पीएचईडी के साथ-साथ सिविल इंजीनियरों ने पूरे आवास का निरीक्षण किया। इस आवास से जुड़े संवेदक ने 10 सर्कुलर रोड आवास में ताला लगा दिया।
राबड़ी आवास से जुड़े भवन पंजी लेकर भवन निर्माण विभाग के कनीय अभियंता व भू संपदा अधिकारी को तेजस्वी यादव के पोलो रोड स्थित आवास पर बुलाया गया।
वहां राबड़ी आवास को उपलब्ध कराए गए फर्निचर, अन्य उपस्कर तथा बिजली से जुड़े उपकरणों का मिलान होगा। वैसे संवेदक का कहना है कि सभी सामान आवास में उपलब्ध हैं। 10 सर्कुलर रोड आवास के सभी कमरों में भी ताला लगा दिया गया है। गेट पर भी ताला जड़ दिया गया है।
भवन निर्माण विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 10 सर्कुलर रोड आवास में उपलब्ध सामानों की सुरक्षा के लिए पुलिस की सेवा ली जा रही। आवास खाली होने की स्थिति में सामान चोरी होने की आशंका बनी रहती है।
वहीं, अब 10 सर्कुलर रोड आवास को भवन निर्माण विभाग नए सिरे से रंगरोगन व अन्य व्यवस्था को दुरुस्त कर जल्द ही तैयार करेगा। इसके बाद इस आवास को विधिवत आवंटी को उपलब्ध करा दिया जाएगा।