CJP ने सरकार से कहा- याद रखना कॉकरोचों से पंगा मत लेना; हम किसी का भी इस्तीफा ले सकते, झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए

CJP Celebrate Dharmendra Pradhan resignation at Jantar Mantar Protest   Site

CJP Celebrate Dharmendra Pradhan resignation at Jantar Mantar Protest Site

CJP on Dharmendra Pradhan resigns: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से पेपर लीक के खिलाफ शुरू किए गए एक विशाल आंदोलन ने इस देश की सरकार को आखिर झुका ही दिया. Gen-Z युवाओं ने सरकार को अपनी ताकत का अहसास कराया और यह बता दिया कि युवा जवाबदेही तय करके रहेंगे और सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती. युवा-छात्रों के आंदोलन का ही असर है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है. जिसके बाद जंतर-मंतर धरना स्थल पर प्रदर्शनकारी युवा-छात्र जश्न में झूम रहे हैं. उन्होंने कहा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होना लोकतंत्र की बड़ी जीत है और यही असली लोकतंत्र है.

CJP चीफ दीपके ने कहा- हमने कर दिखाया

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने कहा, ''हमने कर दिखाया, वो कहते थे हमारी सरकार में इस्तीफे नहीं होते, लेकिन हम कहते हैं, झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए. धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है और यह इस्तीफा इस बात का गवाह है कि अगर हम लोग डरेंगे नहीं, अगर हम लोग इस सरकार के आगे नहीं झुकेंगे, तो हम किसी का भी इस्तीफा ले सकते हैं."

अपनी आवाज उठाओ, इन्हें लाइन में रखना जरूरी

CJP चीफ दीपके ने कहा, ''हमें डरना नहीं है. यह लोकतंत्र है. अगर बोलने से डर लगने लगे तो फिर कैसा लोकतंत्र. अगर अपनी आवाज उठाओगे, तभी ये लोग (सरकार) लाइन में रहेंगे. इन्हें लाइन में रखना जरुरी है. क्योंकि ये आज जो खुद को बादशाह समझ बैठे हैं. उन्हें पता होना चाहिए कि वह हमारी वजह से ही हैं.'' वहीं दीपके ने कहा धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है, यह हमारी 3 प्रमुख मांगों में एक मांग थी. हमारी अगली 2 मांगों पर भी हमें लिखित में सरकार का जवाब चाहिए.

कॉकरोच एक बार घुसते तो निकलते नहीं

अभिजीत दीपके ने कहा, ''हम ऐसे ही नहीं जायेंगे, कॉकरोच जहां एक बार घुसते तो निकलते नहीं. हमारी मांग है कि जिन बच्चों ने सुसाइड किया है, उनके परिवारों को एक करोड़ रुपए का मुआवज़ा मिलना चाहिए और हमारी दूसरी मांग है कि ये जो पुलिस वाले गुंडे हैं, जिन्होंने 20 तारीख को बर्बरता से कार्रवाई की. उसके लिए उन पुलिस वालों पर एक्शन होना चाहिए. डीसीपी संदीप लांबा, एसीपी अजय शर्मा, सचिन शर्मा, ये जिन्होंने मोदी और अमित शाह के कहने पर लाठियां चलाई हैं. इन पर कार्रवाई की जानी चाहिए.''

याद रखना कॉकरोचों से पंगा मत लेना

वहीं दीपके ने कहा, हमने लाठियां खा लीं. सिर फोड़वा लिया. इस देश के छात्रों ने बहुत हिम्मत वाला काम किया है. हमारी मांग यह भी है कि 20 जुलाई से और इसके बाद जितने भी प्रदर्शनकारी छात्रों पर केस किये गए, वो वापस होने चाहिए. याद रखना कॉकरोचों से पंगा मत लेना. अगर हम देश के एक मंत्री का इस्तीफा ले सकते हैं तो तुम लोग क्या हो?'' वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, जब तक हमारी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं और सरकार की तरफ से लिखित में कुछ नहीं आता, तब तक हम कहीं नहीं जा रहे हैं. यह एक बहुत बड़ी जीत है.''

पिछले 36 दिन से CJP का प्रदर्शन जारी

गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में युवा-छात्रों का प्रदर्शन पिछले 20 जून को शुरू हुआ था. पेपर लीक से परेशान होकर देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री धर्मेद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए पिछले 36 दिन से युवा-छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. युवा-छात्रों के दिल्ली प्रदर्शन का असर राजधानी से बाहर पूरे देश के अलग-अलग हिस्सों में भी देखा गया. देश के दुसरे हिस्सों में भी युवा-छात्र प्रदर्शन करते देखे गए. साथ ही विपक्ष के लोग भी सड़कों पर उतरे.