माता वैष्णो देवी धाम में भीषण लैंडस्लाइड; पैदल यात्रा मार्ग पर भरभराकर गिरा पहाड़, इतने तीर्थयात्री मलबे की चपेट में आए, VIDEO

Katra Mata Vaishno Devi Dham Landslide Video Heavy Rain Alert
Vaishno Devi Dham Landslide: मानसून आने के बाद उत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। जहां जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का दौर थम नहीं रहा। इस बीच जम्मू के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी धाम में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ है। वैष्णो देवी धाम के पैदल यात्रा मार्ग पर बाणगंगा के पास अचानक भीषण लैंडस्लाइड हुआ। जिसमें पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। पहाड़ से भारी मलबे के साथ पत्थर शेड को तोड़ते हुए नीचे मार्ग पर आकर गिरे। जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई।
वहीं लैंडस्लाइड की सूचना मिलते ही माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आपदा प्रबंधन टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। जिसके बाद तेजी से राहत-बचाव कार्य किया गया। ताकि जल्द से जल्द स्थिति नियंत्रित और सामान्य की जा सके। बताया जाता है कि, मार्ग पर पहाड़ी मलबा आने और शेड टूटने से उसके नीचे कई लोग (लगभग 7 लोग) फंस गए थे। बाकी सभी तीर्थयात्रियों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि, 3 तीर्थयात्रियों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया था।
इस हादसे में इलाज के दौरान एक तीर्थयात्री की मौत हो गई है। जबकि 2 अन्य घायल तीर्थयात्रियों का इलाज चल रहा है। बाकी 4 तीर्थयात्रियों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। लैंडस्लाइड के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना, पैरामिलिट्री फोर्स और स्थानीय पुलिस के जवान भी मदद के लिए तैनात रहे। वैष्णो देवी धाम से लैंडस्लाइड के दो वीडियो भी सामने आए हैं। जिसमें लैंडस्लाइड की विकरालता देखी जा सकती है। जब पहाड़ गिरा तो तीर्थयात्री 'जय माता दी' के नारे लगा रहे थे.
यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई
फिलहाल जानकारी मिल रही है कि लैंडस्लाइड के बाद यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। श्राइन बोर्ड ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए अगले आदेश तक माता वैष्णो देवी यात्रा रोकने का फैसला किया है। वहीं लैंडस्लाइड वाले मार्ग पर मलबे को हटाने काम काम तेजी से किया जा रहा है। मार्ग को दुरुस्त करने में समय लग सकता है। काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। इसके साथ ही धाम के सभी मार्गों पर लैंडस्लाइड को लेकर जांच भी की जा रही है।
वहीं श्राइन बोर्ड ने यात्रा पर आगे बढ़ चुके सभी तीर्थयात्रियों अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और मार्ग की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ें। श्राइन बोर्ड ने कहा कि, तीर्थयात्रियों को किसी भी तरह से घबराहट की स्थिति पैदा करने की जरूरत नहीं है। बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की थी। आगे के लिए भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।