वृंदावन में दिल दहला देने वाली घटना: लिव-इन पार्टनर की हत्या के बाद युवक ने दी जान
Horrifying incident in Vrindavan
वृंदावन। वृंदावन के दुर्गापुरम कॉलोनी में करीब दो वर्ष से लिव इन में रह रहे युवक-युवती के बीच शुक्रवार देर रात किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। युवक ने पहले युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी।
पति से अलग रह रही थी युवती
अलीगढ़ निवासी 28 वर्षीय राधिका की कुछ वर्ष पूर्व शादी हुई थी, लेकिन वह अपने पति से अलग रहती थी। इसी बीच उसकी छाता निवासी 30 वर्षीय सुभाष से नजदीकियां बढ़ीं। राधिका एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान में काम करती थी और दुर्गापुरम में किराये पर मकान लिया था। करीब दो वर्ष से सुभाष भी उसके साथ रहने लगा।
शुक्रवार की रात को हुआ था दोनों में विवाद
सुभाष ने बी फार्मा कर रखा था, लेकिन वर्तमान में कोई नौकरी नहीं करता था। शुक्रवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और फिर सुभाष ने राधिका की हत्या कर खुद फांसी लगातर जान दे दी। अलीगढ़ में रहने वाले राधिका की बहन ने रात में उसे फोन किया तो उसका फोन रिसीव नहीं हुआ।
बहन ने पुलिस को दी सूचना
इस पर बहन ने पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसी गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखा तो दोनों के शव कमरे में पड़े थे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। 28 अप्रैल को जैंत थाने में युवती ने युवक के विरुद्ध छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, इस घटना से सुभाष राधिका से नाराज था।