यूपी के 70 डायट संस्थानों में बड़ा फैसला: 3,346 अस्थायी पद हुए स्थायी, 2016 से मिलेगा लाभ
Major decision for 70 DIET institutes in UP
लखनऊ। Major decision for 70 DIET institutes in UP, प्रदेश सरकार ने राज्य के 70 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में लंबे समय से संचालित 3346 अस्थायी पदों को स्थायी करने का निर्णय लिया है। इन पदों को दो अगस्त 2016 से स्थायी माना जाएगा। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने शासनादेश जारी कर दिया है।
आदेश के अनुसार डायट में प्राचार्य के 70, वरिष्ठ प्रवक्ता के 420, प्रवक्ता के 1190, सांख्यिकीकार के 70, उप प्राचार्य के 70, कार्यानुभव शिक्षक के 70, तकनीकी सहायक के 70, कार्यालय अधीक्षक के 70, आशुलिपिक के 70, पुस्तकालयाध्यक्ष के 70, लेखाकार के 70, लिपिक के 630, प्रयोगशाला सहायक के 126 और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 350 पद स्थायी किए गए हैं।
इन पदों का सृजन वर्ष 1989, 1990, 1995 और 2004 में विभिन्न चरणों में किया गया था। इसके बाद शासन द्वारा समय-समय पर इन्हें अस्थायी रूप से जारी रखने की अनुमति दी जाती रही। अब इन सभी पदों को स्थायी दर्जा देने का निर्णय लिया गया है।
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि इन पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को शासन के नियमानुसार महंगाई भत्ता और अन्य अनुमन्य भत्तों का लाभ मिलेगा। इन पदों पर होने वाला व्यय बेसिक शिक्षा विभाग के संबंधित बजट मद से वहन किया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव ने आदेश में कहा है कि पदों के स्थायीकरण की प्रक्रिया शासन के निर्धारित नियमों और शर्तों को पूरा करने के बाद की गई है।