हिमाचल के युवाओं के लिए खुशखबरी, मुख्यमंत्री सुक्खू ने लॉन्च किया 'तकनीकी रोजगार सेतु' पोर्टल, अब नौकरी तलाशना होगा आसान

1000266962

Good news for the youth of Himachal: Chief Minister Sukhu has launched

शिमला। हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए रोजगार की राह आसान बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार देर शाम 'तकनीकी रोजगार सेतु' पोर्टल का शुभारंभ किया। यह प्रदेश का पहला ऐसा एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो छात्रों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों और उद्योगों को एक मंच पर जोड़कर प्लेसमेंट और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और तेज बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है। यह पोर्टल युवाओं और उद्योगों के बीच प्रभावी सेतु का कार्य करेगा तथा तकनीकी शिक्षा प्राप्त छात्रों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा।

बनानी होगी प्रोफाइल

पोर्टल पर छात्र अपनी प्रोफाइल, शैक्षणिक योग्यता, कौशल, प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र अपलोड कर सकेंगे। साथ ही उपलब्ध नौकरियों की जानकारी, ऑनलाइन आवेदन और प्लेसमेंट की स्थिति भी देख सकेंगे। वहीं, नियोक्ता पंजीकरण कर रिक्त पदों की जानकारी साझा करने, योग्य उम्मीदवारों का चयन करने और नियुक्तियों का विवरण विभाग को उपलब्ध कराने में सक्षम होंगे।

164 संस्थान जुड़े पोर्टल से

मुख्यमंत्री ने बताया कि पोर्टल से 164 तकनीकी संस्थान जुड़ चुके हैं, जिनमें 136 आईटीआई, 18 पॉलिटेक्निक, पांच इंजीनियरिंग कॉलेज और पांच फार्मेसी कॉलेज शामिल हैं। हिम एक्सेस इंटीग्रेशन पोर्टल के माध्यम से अब तक 26,168 छात्रों का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि 23,054 छात्रों की स्किल मैपिंग पूरी हो चुकी है। इसके अलावा 97 नियोक्ता भी पोर्टल से जुड़ चुके हैं।

कुशल श्रमिक भी करवा सकेंगे पंजीकरण 

उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर जैसे कुशल श्रमिक भी अपना पंजीकरण करा सकेंगे, जिससे अल्पकालिक कार्यों के लिए भी उनकी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। 

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह पहल उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रदेश के युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।