“हिमाचल: ऊना, बद्दी व हमीरपुर नगर निगम चुनाव की तैयारी तेज, वोटर लिस्ट अपडेट शुरू”
शिमला। हिमाचल प्रदेश में अब ऊना, बद्दी व हमीरपुर नगर निगम में चुनावी तैयारी शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के चार नगर निगमों सहित 53 शहरी निकायों के चुनाव करवाने के बाद अब बाकी निकायों की तैयारी में जुट गया है। नगर निगम बद्दी व ऊना सहित नगर पंचायत बीड़ में राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों के अपडेशन की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। यदि सरकार का सहयोग रहा तो छह माह या इससे पहले भी इन निकायों में चुनाव हो सकते हैं।
एक अप्रैल अर्हता तिथि तय
आयोग ने इसके लिए 1 अप्रैल 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की है। मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 8 जून 2026 को किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जुलाई 2026 या उससे पूर्व प्रकाशित कर दी जाएगी।
इन कार्यालयों में निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी सूचियां
प्रारूप मतदाता सूचियां संबंधित उपमंडलाधिकारी (एसडीएम), नगर निगम, नगर पंचायत तथा तहसील कार्यालयों में निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा मतदाता सूचियां आयोग की वेबसाइट तथा वोटर सारथी एप्लीकेशन पर भी देखी जा सकेंगी।
दावे एवं आपत्तियां इस दिन तक स्वीकार्य
आयोग ने बताया कि पात्र नागरिक अपने नाम को मतदाता सूची में शामिल करवाने, किसी प्रकार का संशोधन करवाने, नाम हटाने अथवा अन्य दावे एवं आपत्तियां निर्धारित अवधि के भीतर प्रस्तुत कर सकते हैं। दावे एवं आपत्तियां 18 जून 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। पुनरीक्षण प्राधिकारी द्वारा इनका निपटारा 22 जून तक किया जाएगा।
अलग होती हैं मतदाता सूचियां
राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि मतदाता सूची जितनी अधिक शुद्ध और त्रुटि रहित होगी, निर्वाचन प्रक्रिया भी उतनी ही निष्पक्ष और विश्वसनीय होगी। योग ने आम नागरिकों से विशेष रूप से अपील की है कि राज्य निर्वाचन आयोग और भारतीय निर्वाचन आयोग की मतदाता सूचियां अलग-अलग होती हैं। स्थानीय निकाय चुनावों में मतदान का अधिकार केवल उन्हीं मतदाताओं को प्राप्त होगा जिनका नाम राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में दर्ज होगा। इसलिए सभी नागरिक अपने तथा अपने परिवार के सदस्यों के नाम राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में अवश्य जांच लें।
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की महत्वपूर्ण तिथियां
- प्रक्रिया तिथि
- प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 8 जून 2026
- दावे एवं आपत्तियां 18 जून 2026
- आपत्तियों का निपटारा 22 जून 2026 तक
- अपील की अंतिम तिथि 30 जून 2026
- अपीलों का निपटारा 3 जुलाई 2026 तक
- अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन 4 जुलाई 2026 या उससे पूर्व