Himachal to Set Up First Remote

धर्मशाला में बनेगा हिमाचल का पहला रिमोट सेंसिंग केंद्र, कृषि क्षेत्र होगा हाईटेक

dharam

Himachal to Set Up First Remote

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य का पहला रिमोट सेंसिंग एवं डेमोग्राफिक इन्फॉर्मेशन सिस्टम (Remote Sensing & Demographic Information System) केंद्र धर्मशाला में स्थापित किया जाएगा। करीब 19 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना केंद्र सरकार के सहयोग से विकसित की जाएगी।

यह केंद्र कृषि विभाग को मौसम, भूमि, फसल और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से उपलब्ध कराएगा। साथ ही, वन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य सरकारी विभागों को भी आवश्यक डिजिटल डेटा उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे विकास योजनाओं की बेहतर योजना और प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो सकेगा।

परियोजना के लिए भूमि संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। यह हिमाचल प्रदेश का पहला रिमोट सेंसिंग केंद्र होगा, जिससे कृषि विभाग की कार्यप्रणाली अधिक वैज्ञानिक, तकनीक आधारित और प्रभावी बनेगी।

इस प्रणाली के माध्यम से कृषि विभाग मौसम संबंधी जानकारी, फसलों की स्थिति, भूमि उपयोग और अन्य आवश्यक आंकड़े स्वयं एकत्र कर सकेगा। इससे किसानों को समय पर वैज्ञानिक सलाह उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में त्वरित निर्णय लेने में भी मदद मिलेगी। विभिन्न विभागों के बीच डेटा साझा करने की व्यवस्था मजबूत होने से योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति आएगी।

कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि विभाग को पूरी तरह हाईटेक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि रिमोट सेंसिंग केंद्र में कार्यरत कर्मचारियों को आधुनिक कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य आवश्यक तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि परियोजना का संचालन पूरी दक्षता और प्रभावशीलता के साथ किया जा सके।