Himachal STF Seizes 2.006 Kg Charas

हिमाचल STF की बड़ी कार्रवाई, मनाली-हरिद्वार वोल्वो बस से 2.006 किलो चरस बरामद; हरियाणा का युवक गिरफ्तार

charas

Himachal STF Seizes 2.006 Kg Charas

हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'चिट्टा-मुक्त हिमाचल' और एंटी-चिट्टा जन-आंदोलन के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनाली-हरिद्वार वोल्वो बस से 2.006 किलोग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में हरियाणा के पानीपत निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, अवैध नशा तस्करी के खिलाफ एसटीएफ की टीमें प्रदेशभर में लगातार गश्त और नाकाबंदी कर रही हैं। इसी दौरान देर रात मंडी टीम ने मनाली-हरिद्वार रूट पर चल रही वोल्वो बस (HR 47H-0011) को जांच के लिए रोका।

बस की तलाशी के दौरान एक यात्री के कब्जे से 2.006 किलो चरस बरामद हुई। इसके बाद एसटीएफ ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय रिंकू ठाकुर, पुत्र महावीर सिंह, निवासी राम चौक, हरी नगर शिव मंदिर के पास, मॉडल टाउन, जिला पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।

आरोपी के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स पुलिस थाना, मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी हेम राज वर्मा ने बताया कि जांच केवल आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। उन्होंने कहा कि एसटीएफ पूरे नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने के लिए गहन जांच कर रही है।