रांची में पासिंग आउट परेड 2026: 4 डीएसपी और 336 जवानों ने ली शपथ, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बढ़ाया उत्साह

रांची में पासिंग आउट परेड 2026: 4 डीएसपी और 336 जवानों ने ली शपथ, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बढ़ाया उत्साह

Passing-out Parade 2026 in Ranchi

Passing-out Parade 2026 in Ranchi

रांची। Passing-out Parade 2026 in Ranchi, रांची के डोरंडा स्थित जैप वन परिसर में गुरुवार को बुनियादी प्रशिक्षुओं के लिए लिए पारण परेड समारोह-2026 का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में नव प्रशिक्षित चार डीएसपी व 336 जवानों ने पद व गोपनीयता की शपथ ली। इनमें महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की संख्या 81 व पुरुष सिपाहियों की संख्या 255 थी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सभी 440 पुलिस अधिकारियों-जवानों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल के साथ कृतसंकल्पित होकर खड़ी है। बल में महिलाओं की भागीदारी हर्ष का विषय है। सबने 30 हफ्ते का कड़ा व लंबा प्रशिक्षण लिया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे अधिक खुशी देने वाली बात यह है कि इस बैच में लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है। वे चाहते हैं कि राज्य के हर क्षेत्र में पुरुषों और महिलाओं की भागीदारी समान हो। पुलिस सिर्फ एक व्यक्ति मात्र या खुद के लिए नहीं, बल्कि राज्य के आम नागरिकों की रक्षा के लिए समर्पित है। आज से सभी प्रशिक्षु एक व्यवस्था से बंध चुके हैं।

कर्तव्य निर्वहन के दौरान हो सकता है बड़ी चुनौतियां आए, जिसमें जान भी जा सकती है। पूर्व में इसी कर्तव्य निर्वहन के दौरान उनके स्वजन ने भी प्राणों की आहुति दी है।

स्वजनों के उसी अधूरे रास्ते और सफर को पूरा करने की जिम्मेदारी राज्य सरकार ने अब नव प्रशिक्षुओं के कंधे पर सौंपा है। ये सिर्फ नौकरी व तनख्वाह के लिए पुलिस बल में शामिल नहीं होते हैं, बल्कि कुछ सर्वोच्च कर्तव्यों के संकल्प के साथ इस व्यवस्था से बंध जाते हैं।

प्रशिक्षण का परिणाम कानून एवं विधि-व्यवस्था के संधारण में दिखनी चाहिए

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जिन अलग-अलग विषयों की ट्रेनिंग दी गई है, उसका परिणाम अब राज्य की कानून-व्यवस्था, विधि-व्यवस्था और राज्य के भीतर घटने वाली या संभावित घटनाओं को नियंत्रित करने में दिखना चाहिए।

सभी पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगे, तो राज्य की हर चुनौती को समाप्त करते हुए उसका समाधान किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि पुलिस विभाग के लिए अलग से आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, पुलिस विभाग के अंतर्गत अलग से विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं भी स्थापित की जा रही हैं।

जवानों ने मार्च पास्ट से सभी अतिथियों किया अभिवादन

पासिंग आउट परेड में शामिल सभी प्रशिक्षु जवानों ने मार्च पास्ट कर मौके पर मौजूद अतिथियों का अभिवादन किया। उन्हें अनुशासन, देश व राज्य सेवा, संविधान, पुलिस बल की गरिमा, समर्पण व कर्तव्यनिष्ठा के प्रति शपथ दिलाई गई। मौके पर डीजीपी तदाशा मिश्रा, एडीजी प्रिया दुबे सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

passing parade

सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अधिकारी व जवानों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

बुनियादी प्रशिक्षण के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अधिकारी व जवानों को मुख्यमंत्री ने ट्राफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु डीएसपी का पुरस्कार रामलखन वर्णवाल को मिला। वहीं, ओवरआल सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु जवान का पुरस्कार धनबाद जिला बल के सिपाही रंजीत उरांव को मिला।

सर्वश्रेष्ठ अंत: विषय में विशेष शाखा रांची के सिपाही अविनाश कुमार को प्रथम स्थान, सर्वश्रेष्ठ बाह्य विषय व सर्वश्रेष्ठ फायरर का भी प्रथम पुरस्कार धनबाद जिला बल के सिपाही रंजीत उरांव को मिला है।

सिपाहियों का प्रशिक्षण सीटीसी स्वासपुर मुसाबनी में 30 सप्ताह तक व चारों नव नियुक्त डीएसपी को झारखंड पुलिस अकादमी हजारीबाग से 12 महीने का प्रशिक्षण दिलाया गया है।

किस जिला बल से कितने प्रशिक्षु जवान

क्रमांक इकाई / जिला संख्या
1 धनबाद 14
2 खूंटी 11
3 जैप वन 12
4 जैप टू 06
5 जैप-3 06
6 जैप-4 04
7 जैप-5 05
8 जैप-6 02
9 जैप-7 03
10 जैप-8 07
11 जैप-9 10
12 आइआरबी-1 02
13 आइआरबी-2 02
14 आइआरबी-04 02
15 आइआरबी-5 01
16 आइआरबी-08 01
17 आइआरबी-09 02
18 आइआरबी-10 04
19 बोकारो 07
20 कोडरमा 07
21 सिमडेगा 04
22 विशेष शाखा 02
23 गिरिडीह 09
24 हजारीबाग 14
25 चाईबासा 22
26 पाकुड़ 05
27 पलामू 18
28 जेएपीटीसी पद्मा 02
29 रांची 44
30 एसआइएसएफ बोकारो 02
31 रामगढ़ 10
32 रेल जमशेदपुर 03
33 सरायकेला 07
34 साहिबगंज 05
35 दुमका 07
36 देवघर 10
37 चतरा 04
38 जमशेदपुर 20
39 जेपीए हजारीबाग 03
40 गढ़वा 08
41 गोड्डा 02
42 गुमला 11
43 लातेहार 11
44 लोहरदगा 05