पंचकूला माता मनसा देवी के दर्शन की टाइमिंग बढ़ाई; नए साल के मौके पर केवल 2 दिनों तक रहेगा यह समय, भक्तजन यहां जान लें
Panchkula Mansa Devi Darshan Timing on New Year 2026 Occasion
Mata Mansa Devi Darshan: नए साल 2026 की शुरुवात हो रही है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग धार्मिक स्थलों पर माथा टेकने जाते हैं ताकि एक नई शुरुवात पर भगवान के आशीर्वाद से उनका जीवन उन्नतशील हो और खुशियों से भरा रहे। इस कड़ी में चंडीगढ़ के पास पंचकूला में स्थित शक्तिपीठ माता मनसा देवी मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचने वाले हैं और मां मनसा के दर्शन करेंगे। सामान्य दिनों में भी यहां लोग केवल आसपास से ही नहीं बल्कि दूर-दूर से माता मनसा देवी के दर्शन करने पहुंचते हैं।
पंचकूला माता मनसा देवी के दर्शन की टाइमिंग बढ़ाई
नए साल के उपलक्ष्य में भक्तों की भीड़ को देखते हुए मनसा देवी श्राइन बोर्ड ने दर्शन की टाइमिंग बढ़ाने का फैसला किया है। 1 घंटे सुबह और 1 घंटे रात में माता मनसा देवी के दर्शन की टाइमिंग बढ़ा दी गई है। हालांकि यह बढ़ी हुई टाइमिंग केवल 2 दिनों के लिए लागू रहेगी। इसके बाद फिर सर्दी के समय के अनुसार ही माता के दर्शन भक्त कर सकेंगे। मिली जानकारी के अनुसार, माता मनसा देवी का मंदिर 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 को सुबह 4:00 बजे खुलेगा और रात को 10:00 बजे मंदिर बंद होगा। मंदिर अभी सुबह 5 बजे खुलता है और 9 बजे बंद होता है।
माना जा रहा है कि नए साल की शुरुवात को लेकर पंचकूला माता मनसा देवी मंदिर में हजारों भक्तों का तांता लगेगा। मनसा देवी श्राइन बोर्ड की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था समेत कई अन्य जरूरी तैयारियां भी पूरी कर ली गईं हैं। माता मनसा देवी मंदिर आने वाले भक्तों को कतार में लगकर दर्शन करने होंगे। भक्तों की भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर में लंबी कतार लगी दिख सकती है। मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। वहीं माता मनसा देवी मंदिर में भव्य सजावट रहने वाली है।

चमत्कारिक है माता मनसा देवी का यह दर
पंचकूला में स्थित माता मनसा देवी मंदिर अपनेआप में अद्भुतता समेटे हुए है। माता मनसा देवी के इस मंदिर की बड़ी मान्यता है। माता मनसा देवी का यह दर चमत्कारिक है और माता की अद्भुत कहानी है। यहां लोग दूर-दूर से माता मनसा देवी के दर्शन करने पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां मांगी गई हर मुराद माता मनसा देवी पूरी करती हैं। कई भक्त इसके जीते जागते साक्षी भी हैं। कई लोगों की मनोकामनायें यहां से पूरी हुईं हैं। माता ने किसी को खाली हाथ नहीं भेजा। माता मनसा देवी के दर पर जो भी भक्त सच्चे दिल से शीश झुकाता है और अपनी मनोकामना कहता है तो वह मनोकामना जरूर पूरी होती है। मां को मनोकामना देवी भी कहा जाता है।
यहां माता मनसा की मूरत बेहद दिव्य-सुंदर
पंचकुला में माता मनसा देवी मूरत तो ऐसी है कि लगता है जैसे माता को जब आप देख रहे हैं तो वह आपसे कुछ बोलने वाली हैं, वह आपको देख रही हैं। माता की मूरत इतनी ज्यादा खूबसूरत है कि सचमुच माता की मूरत से आप निगाहें नहीं हटा सकते। मन करता है कि बस माता की मूरत को निहारते ही रहो। वैसे भी माता का हृदय बड़ा कोमल होता है और बात जब जगत माता की हो तो उस हृदय में तो विराट कोमलता, विराट स्नेह और विराट दया व कृपा की झलख ही अलग है।