Haryana Plans High-Tech Wedding

हरियाणा में बनेगा हाईटेक वेडिंग डेस्टिनेशन, पिंजौर-मोरनी के विकास पर 90 करोड़ रुपये खर्च होंगे

pinjor

Haryana Plans High-Tech Wedding

हरियाणा सरकार ने राज्य को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से बड़ा पर्यटन विकास प्लान तैयार किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिंजौर के ऐतिहासिक यादविन्द्रा गार्डन और मोरनी हिल्स स्थित टिक्कर ताल को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'Wed in India' विजन के अनुरूप पिंजौर में एक आधुनिक "वन स्टॉप डेस्टिनेशन फॉर वेडिंग" विकसित किया जाए। इसका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ राज्य के राजस्व और स्थानीय रोजगार के अवसरों में वृद्धि करना है।

परियोजना के तहत यादविन्द्रा गार्डन के समीप अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कन्वेंशन सेंटर, एग्जीबिशन सेंटर और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर एक लग्जरी होटल बनाया जाएगा। होटल की छत पर हेलिपैड की सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और मेहमानों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

विरासत एवं पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि विकास कार्यों के दौरान यादविन्द्रा गार्डन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखा जाएगा। इसके साथ ही यहां संगीतमय फव्वारे, बटरफ्लाई पार्क और एक्वेरियम जैसी नई आकर्षक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे विशेष रूप से रात्रिकालीन पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

वहीं, मोरनी हिल्स के प्रसिद्ध टिक्कर ताल का भी व्यापक कायाकल्प किया जाएगा। यहां एडवेंचर पार्क, बोटिंग, हॉन्टेड हाउस और अन्य पर्यटन सुविधाओं का विकास कर इसे एडवेंचर टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बनाने की योजना है।

बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के उपप्रधान सचिव डॉ. यशपाल तथा पर्यटन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से हरियाणा में पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।