दीपावली पर मिला तोहफा : बघौला फ्लाईओवर की एक लेन खुली, जाम से राहत

दीपावली पर मिला तोहफा : बघौला फ्लाईओवर की एक लेन खुली, जाम से राहत

Diwali Gift

Diwali Gift

दिल्ली आगरा एनएच 19 पर सफर हुआ सुहाना

फरीदाबाद। दयाराम वशिष्ठ: Diwali Gift: दीपावली के मौके पर दिल्ली से आगरा के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है।  एनएचएआई ने फरीदाबाद-पलवल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-19 पर बन रहे बघौला फ्लाईओवर की दिल्ली से पलवल जाने वाली एक लेन शनिवार शाम यातायात के लिए खोल दी गई। इससे सर्विस रोड पर लगने वाले भारी जाम से लोगों को राहत मिली है। इसके।साथ ही वाहनों ने फरीदाबाद से पलवल की ओर फर्राटा भरा। लंबे समय से लोग इस पुल के खुलने का इंतजार कर रहे थे, जो अब आंशिक रूप से पूरा हो गया है।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कुछ माह पहले राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को पुल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए थे ताकि दीपावली तक इसे जनता के लिए खोला जा सके। अधिकारियों ने प्राथमिक लेन तैयार कर ट्रैफिक के लिए खोलने में सफलता पाई।

करीब दो किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर दिल्ली-आगरा मार्ग का सबसे बड़ा पुल माना जा रहा है। इसमें चार अंडरपास बनाए गए हैं—नूर ब्रह्म कंपनी, जनौली मोड़, कौशल विकास विश्वविद्यालय मोड़ और देवली मोड़ पर। लगभग 45 से 50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल की आधारशिला जून 2023 में रखी गई थी। पुल के शुरू होने से औद्योगिक क्षेत्र को गति मिलने के साथ यात्रियों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि पुल का शेष कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। बारिश के कारण कुछ समय के लिए निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था, लेकिन अब कार्य दोबारा गति पकड़ चुका है।

पिछले कई महीनों से फ्लाईओवर निर्माण के कारण दिल्ली-आगरा हाईवे पर लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ता था। पांच मिनट के सफर में घंटे लग जाते थे। इससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था और सर्विस रोड जगह-जगह टूट चुकी थी।

जाम से बचने के लिए लोग वैकल्पिक रूट—पृथला, दूधौला, आल्हापुर और पातली—से होकर पलवल पहुंचते थे, मगर ये रास्ते संकरे और अपरिचित होने के कारण और परेशानी बढ़ा देते थे। स्कूली बच्चों और एंबुलेंसों को भी इस जाम में अक्सर फंसना पड़ता था। कई मरीजों की हालत बिगड़ जाती थी।

फ्लाईओवर की एक लेन खुलने के साथ अब फरीदाबाद-पलवल मार्ग पर यातायात सुचारू होने की उम्मीद बढ़ गई है। लोगों ने इस सुविधा को दीपावली का सबसे बड़ा तोहफा बताया है और उम्मीद जताई है कि शेष कार्य भी जल्द पूरा कर पुल पूरी तरह चालू हो जाएगा।