देहरादून: मोबाइल पर बजेगा आपदा अलर्ट, घबराने की जरूरत नहीं—राज्य में सिस्टम टेस्टिंग शुरू
Dehradun: Disaster Alerts to Sound on Mobile Phones
Dehradun: Disaster Alerts to Sound on Mobile Phones, आपके मोबाइल फोन पर आज अचानक तेज बीप की आवाज आए और स्क्रीन पर आपदा के दृष्टिगत कोई चेतावनी संदेश दिखेगा तो घबराएं नहीं। यह कोई असली खतरा नहीं, बल्कि आपकी सुरक्षा को लेकर किया जा रहा परीक्षण अलर्ट है।
राज्य में सेल ब्राडकास्टिंग के माध्यम से इसे जारी किया जाएगा। इसका उद्देश्य आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता का मूल्यांकन करने के साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि आपात स्थिति में चेतावनी संदेश समयबद्ध एवं व्यापक रूप से प्रसारित हो सकें।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन के अनुसार राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को सुदृढ़ बनाने को निरंतर प्रयास कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य मौसम पूर्वानुमान एवं आपदा संबंधी सूचनाओं को आमजन तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इससे संभावित आपदाओं के प्रति आमजन को सचेत कर क्षति को न्यून करने में मदद मिलेगी।
किया जाएगा आकलन
उन्होंने कहा कि शनिवार को होने वाला परीक्षण विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में किया जाएगा। इससे आकलन किया जाएगा कि अलर्ट संदेशों का प्रसारण कितनी प्रभावशीलता से हो रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।
साथ ही, विभिन्न परिस्थितियों में संदेशों की तीव्रता एवं सटीकता का भी परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की संभावित आपदा के दृष्टिगत वास्तविक अलर्ट जारी किए जाएंगे। ऐसे अलर्ट को गंभीरता से लेने के साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करना आवश्यक होगा।
मोबाइल पर आएगा यह संदेश
भारत द्वारा स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए अपने नागरिकों के लिए त्वरित आपदा चेतावनी सेवा के लिए सेल ब्राडकास्ट की शुरुआत की जा रही है। सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र। इस संदेश की प्राप्ति पर जनता से किसी प्रकार की कोई कार्रवाई अपेक्षित नहीं है। यह एक परीक्षण संदेश है।