विदेशी टीवी शोज देखने पर मौत की सजा; फांसी पर लटकाया जा रहा, उत्तर कोरिया से हैरान करने वाली खबर, सनक गया तानाशाह किम जोंग

Death Sentence To Whose People For Watch Foreign Tv Shows in North Korea
North Korea News: उत्तर कोरिया में अपने अनोखे नियम और कायदे-कानून हैं। जो कि तानाशाही के जरिए वहां के लोगों पर थोपे जा रहे हैं। उत्तर कोरिया के तानाशाह शासक किम जोंग उन ने लोगों की निजी स्वतंत्रता पर भी अपना नियंत्रण कर रखा है। इस बीच उत्तर कोरिया से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। जिसमें यह बताया जा रहा है कि वहां विदेशी टीवी शोज, खासकर दक्षिण कोरियाई ड्रामे देखने और वितरित करने वालों को फांसी की सजा दी जा रही है। यानि उन्हें मौत की नींद सुला दिया जा रहा है।
दरअसल, यह जानकारी संयुक्त राष्ट्र की नई मानवाधिकार रिपोर्ट से निकलकर सामने आई है। जिसमें किम जोंग उन का तानाशाही चेहरा फिर उजागर हुआ है। संयुक्त राष्ट्र की नई रिपोर्ट इस बात की तस्दीक कर रही है कि किम जोंग उन की सरकार ने उत्तर कोरिया के लोगों की निजी स्वतंत्रता पर सख्त नियंत्रण लगाया हुआ है। वहीं हाल के वर्षों में लोगों की निजी स्वतंत्रता पर और जबरदस्त रोक लगाई गई है। लोगों पर राष्ट्रपति किम जोंग उन का अत्याचार इस कदर है कि विदेशी टीवी शो, खासकर दक्षिण कोरियाई ड्रामा देखने या बांटने पर मौत की सजा दी जा रही है।
बताया जाता है कि, संयुक्त राष्ट्र (UN) की नई मानवाधिकार रिपोर्ट 14 पन्नों की है इसमें 300 से ज्यादा ऐसे गवाहों और पीड़ितों से बातचीत की गई है जो उत्तर कोरिया से भागकर बाहर निकले हैं। कहा गया है कि उत्तर कोरिया (North Korea) में निगरानी सिस्टम अब और भी सख्त हो गया है, किम जोंग उन की सरकार द्वारा नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है और सजाएं पहले से कहीं ज्यादा कठोर हो चुकी हैं।
बाढ़ रोकने में नाकाम अधिकारियों को फांसी पर लटकाया
इससे पहले हाल ही में उत्तर कोरिया से एक खबर सामने आई थी कि तानाशाह शासक किम जोंग उन ने बाढ़-भूस्खलन रोकने में विफल रहे 30 अधिकारियों को फांसी पर लटका दिया था। इस भयानक बाढ़ ने उत्तर कोरिया के कई हिस्सों को तबाह कर दिया था और हजारों लोगों की मौत हुई थी। जिसके बाद किम जोंग उन अधिकारियों पर इस भड़के कि उन्हें सीधा फांसी पर लटकाने का फरमान सुना दिया। किम जोंग उन की यह बर्बरता के बारे में जान हर कोई हैरान रह गया था। फिलहाल किम जोंग उन के कई आदेश और फैसले ऐसे हैं, जिनकी चर्चा पूरी दुनिया में होती रहती है।