Congress Leader Rahul Gandhi Arrest After Lok Sabha Chunav 2024 Assam CM Says

लोकसभा चुनाव के बाद 'राहुल गांधी' गिरफ्तार किए जाएंगे; असम के CM हिमंत बिस्व सरमा का ऐलान, बोले- अभी कार्रवाई की तो...

Congress Leader Rahul Gandhi Arrest After Lok Sabha Chunav 2024 Assam CM Says

Congress Leader Rahul Gandhi Arrest After Lok Sabha Chunav 2024 Assam CM Says

Rahul Gandhi Arrest News: लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। यह कहना है असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा का। भारत न्याय यात्रा के दौरान असम में भीड़ को उकसाने और हिंसा भड़काने के आरोप में राहुल गांधी पर दर्ज FIR के बाद सीएम बिस्वा ने ये ऐलान किया है। सीएम बिस्वा ने कहा कि, वह लोकसभा चुनाव के बाद हर हाल में राहुल गांधी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करेंगे। उन पर कानूनन कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

CM Himanta Biswa Sarma
CM Himanta Biswa Sarma

 

अभी गिरफ्तार करते हैं तो कहेंगे राजनीति कर रहे

सीएम बिस्वा ने कहा कि, राहुल गांधी के खिलाफ असम पुलिस एफ़आईआर दर्ज कर चुकी है लेकिन अभी हम उनपर कार्रवाई नहीं करेंगे क्योंकि अगर हमने अभी कार्रवाई की तो इसे राजनीति से प्रेरित बताया जाएगा। वे इसे राजनीतिक कदम कहेंगे। इसलिए लोकसभा चुनाव हो जाने दीजिये। इसके बाद राहुल गांधी की गिरफ्तारी तय की जाएगी। सीएम बिस्वा ने कहा कि हम एक एसआईटी बनाएंगे, एसआईटी मामले की जांच करेगी और लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद राहुल को गिरफ्तार करेंगे। सीएम ने कहा कि हमारे पास सबूत हैं। गुवाहाटी में जिस तरह से उन्होंने लोगों को उकसाया, उससे एक बड़ी घटना हो सकती थी।

असम में विवाद शुरू करने आए राहुल गांधी

सीएम बिस्वा ने कहा कि, राहुल गांधी और कांग्रेस की भारत न्याय यात्रा का एकमात्र लक्ष्य असम में विवाद शुरू करना था। सीएम ने कहा कि यात्रा का पूरा इरादा असम को परेशान करना और असम में शांति को खतरे में डालना है। लेकिन हमने राहुल गांधी और कांग्रेस के इरादे को उनके मकसद को हरा दिया है। बता दें कि, भारत जोड़ो यात्रा आज असम के धुबरी ज़िले से होते हुए पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में प्रवेश कर गई है।

सीएम ने ही राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने का आदेश दिया था

मालूम रहे कि, सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने खुद पुलिस डीजीपी को राहुल गांधी पर केस दर्ज करने का आदेश दिया था. सीएम ने कहा था कि, राहुल गांधी ने असम में भीड़ को उकसाने और पुलिस जवानों पर हमला कराने और सार्वजनिक नुकसान करने का काम किया है। सीएम के आदेश के बाद ही असम पुलिस के आलाधिकारी हरकत में आए और राहुल गांधी पर एक्शन ले लिया गया। इसके बाद सीएम बिस्वा ने बीते बुधवार को ही राहुल गांधी पर FIR किए जाने की जानकारी दी थी।

सीएम बिस्वा ने ट्वीट करते हुए बताया था कि कांग्रेस सदस्यों द्वारा हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमले के अनियंत्रित कृत्यों के संदर्भ में राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ धारा 120(बी), 143/147/188 और 283/353/332/333/427 आईपीसी, आर/डब्ल्यू धारा 3 पीडीपीपी अधिनियम के तहत FIR दर्ज़ की गई है।

राहुल गांधी बोले- धमकी से नहीं डरता

राहुल गांधी का कहना कि, सीएम हिमंत बिस्वा सरमा उन्हें डराना-धमकाने का अपना काम जारी रखें। राहुल ने कहा कि, न उन्हें एफ़आईआर दर्ज होने से कोई फर्क पड़ता है और न ही गिरफ्तारी से। राहुल गांधी ने कहा कि, हिमंत बिस्वा सरमा देश के सबसे भ्रष्ट और भ्रष्टाचारी सीएम हैं। राहुल ने कहा कि, पता नहीं कहां से हिमंत बिस्वा सरमा के दिमाग में आ गया कि वो राहुल गांधी को डरा सकता है। लेकिन राहुल गांधी डरने वाला नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि, जितने केस लगाने हैं, लगा दीजिए, मैं नहीं डरता... राहुल ने कहा कि 25 केस लगाए हैं, 25 और लगा दीजिए..

राहुल गांधी का कहना है कि, जब भी मैं असम राज्य में आता हूं तो लोग मुझसे कहते हैं- यहां बड़े पैमाने पर बेरोजगारी, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, बड़े पैमाने पर महंगाई है, किसानों की हालत खराब है... इस राज्य में किसी भी युवा को नौकरी नहीं मिल सकती है। ये वे मुद्दे हैं जो हम उठा रहे हैं और हम इसमें बहुत सफल हो रहे हैं। असम में मुख्य मुद्दा यात्रा बन चुकी है... राहुल ने कहा कि मेरे खिलाफ या 'भारत न्याय यात्रा' के खिलाफ जो भी हो रहा है। वो सिर्फ डराने का तरीका है... लेकिन हमारा न्याय का संदेश गांव-गांव में जा रहा है क्योंकि जनता पूछ रही है कि ये क्या हो रहा है?...साफ है कि विपक्ष की लड़ाई कौन लड़ रहा है।

सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा

इधर, कांग्रेस ने दावा किया है कि उसकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर असम में भाजपा के गुंडों द्वारा दो बार हमला किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने असम में राहुल गांधी और भारत जोड़ो न्याय यात्रा की सुरक्षा को लेकर गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। खड़गे ने अमित शाह के सामने सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। खड़गे ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में असम के अंदर राहुल गांधी और भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमला करने की कोशिश की गई है।

क्यों निकाली जा रही भारत न्याय यात्रा?

कांग्रेस नेता जयराम रमेश का कहना है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने तीन अहम मुद्दे उठाए थे। पहला आर्थिक विषमता, दूसरा सामाजिक धुर्वीकरण और तीसरा मुद्दा था राजनीतिक तानशाही का।  लेकिन भारत जोड़ो यात्रा अब जब भारत न्याय यात्रा में तब्दील हो गई है तो इस कड़ी में आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय और राजनीतिक न्याय की बात होगी। लोकतन्त्र को बचाना है, संविधान को बचाना है, महंगाई और बेरोजगारी से जो करोड़ों परिवार जूझ रहे हैं उन्हें उज्ज्वल भविष्य दिखाना है.

इसके अलावा जिस तरह से समाज को जो बांटा जा रहा है उसे बचाना है, इसलिए पहले भारत जोड़ो यात्रा भारत जोड़ने के लिए हुई थी और अब भारत न्याय यात्रा भारत के न्याय के लिए होगी। कांग्रेस लोगों को यकीन दिलाएगी कि वह लोगों को आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय और राजनीतिक न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा में दिल्ली-जम्मू-कश्मीर समेत 12 राज्य शामिल थे। लेकिन भारत न्याय यात्रा में 14 राज्य शामिल हो गए हैं।

67 दिनों में 85 जिलों को कवर करेगी 'भारत न्याय यात्रा'

राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत न्याय यात्रा' 14 जनवरी को मणिपुर के इंफाल से शुरू हुई है और यह यात्रा 67 दिनों में 20 मार्च को मुंबई जाकर खत्म होगी। इस बीच 'भारत न्याय यात्रा' देश के 14 राज्यों (मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र) और 85 जिलों को कवर कर रही है। यह यात्रा 6 हजार 200 किलोमीटर लंबी होगी। 'भारत जोड़ो यात्रा' के दूसरे चरण में 'भारत न्याय यात्रा' की जा रही है।