पांगी में बादल फटने से भारी तबाही, सड़क बही, 3 कल्वर्ट ध्वस्त, कई गांवों का संपर्क टूटा
- By Gaurav --
- Thursday, 02 Jul, 2026
Cloudburst Wreaks Havoc in Himachal
चंबा: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र पांगी के घिसल धार में बादल फटने से भारी तबाही मच गई। तेज बहाव के कारण साच-घराट-सेचू नाला मार्ग का बड़ा हिस्सा बह गया और तीन कल्वर्ट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सड़क नाले में तब्दील होने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई।
बुधवार को अचानक आई बाढ़ के चलते सेचू, शुण, चसक, हिलुटवान, हिलोर और सहाली सहित कई गांवों का मुख्यालय से संपर्क घंटों तक कट गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) मंडल पांगी की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने जेसीबी और अन्य मशीनरी की मदद से राहत एवं सड़क बहाली का कार्य शुरू किया।
करीब 11 घंटे तक चले लगातार अभियान के बाद देर शाम सड़क को अस्थायी रूप से वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया।
लोक निर्माण विभाग मंडल पांगी के अधिशासी अभियंता रवि शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा से विभाग को लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
बादल फटने की घटना से किसानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घिसल और कुथल गांवों में मटर की फसल बड़े पैमाने पर बर्बाद हो गई है।
गुरुवार को आवासीय आयुक्त पांगी अमनदीप ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को नुकसान का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।