'विकसित हरियाणा विजन-2047' पर CM नायब सैनी की मैराथन बैठकें आज, 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के रोडमैप की होगी समीक्षा
- By Gaurav --
- Thursday, 02 Jul, 2026
CM Nayab Saini to Chair Marathon
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को हरियाणा सचिवालय में 'विकसित हरियाणा विजन-2047' कार्ययोजना को लेकर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मैराथन बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। इन बैठकों में प्रधानमंत्री की घोषणाओं, मुख्यमंत्री घोषणाओं, बजट घोषणाओं और सरकार के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
बैठकों में मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों और अन्य उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन, पशुपालन सहित कई प्रमुख विभागों की योजनाओं और भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी।
सरकार 'हाउसिंग फॉर ऑल' मिशन के तहत सभी पात्र परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में मल्टी-लेवल पार्किंग, मुफ्त वाई-फाई जोन और बहुभाषी टच स्क्रीन कियोस्क जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना भी शामिल है।
विजन-2047 के तहत हरियाणा को जलवायु-अनुकूल और तकनीक आधारित कृषि मॉडल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने, कृषि आधारित उद्योगों के लिए युवाओं को 50 प्रतिशत तक सब्सिडी, मुफ्त बिजली और औद्योगिक प्लॉट उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। खेती में ड्रोन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित मृदा परीक्षण और माइक्रो इरिगेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का विस्तार भी प्रस्तावित है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रत्येक नागरिक को कैशलेस और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, टेलीमेडिसिन और एआई आधारित डायग्नोस्टिक सेवाओं का विस्तार करने तथा जिला स्तर पर मेडिकल कॉलेजों और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के नेटवर्क को मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा। महिलाओं और बच्चों में एनीमिया एवं कुपोषण समाप्त करने के लिए ब्लॉक स्तर पर विशेष पोषण अभियान भी चलाए जाएंगे।
शिक्षा के क्षेत्र में राज्य के स्कूलों और विश्वविद्यालयों में एआई आधारित शिक्षण, नई शिक्षा नीति के अनुरूप व्यावसायिक शिक्षा और इंटर्नशिप, तथा कॉलेजों में स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने की योजना है। साथ ही 22 मॉडल संस्कृति कॉलेजों को स्वायत्त संस्थानों के रूप में विकसित कर उनकी वैश्विक रैंकिंग सुधारने का लक्ष्य रखा गया है।
औद्योगिक विकास के तहत गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला और सोनीपत को 'सिस्टर सिटी मॉडल' के तहत टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित किया जाएगा। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, नए एक्सप्रेसवे और बेहतर परिवहन नेटवर्क तैयार किए जाएंगे। निवेशकों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल और अधिक तेज बनाया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक हरियाणा को एक ट्रिलियन डॉलर की टिकाऊ, आधुनिक और विकसित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इन बैठकों में विभिन्न विभागों की योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और भविष्य की कार्ययोजना की समीक्षा कर 'विकसित हरियाणा विजन-2047' को गति देंगे।