RPSC Revised Exam Calendar 2026: आरएएस प्रीलिम्स परीक्षा की तारीख बदली, आयोग ने जारी किया नया शेड्यूल
Commission releases new schedule.
RPSC Revised Exam Calendar 2026: राजस्थान की सबसे बड़ी प्रशासनिक सेवा की तैयारी में जुटे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की तरफ से एक महत्वपूर्ण और जरूरी सूचना जारी की गई है. आयोग ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा, 2026 (RPSC RAS Prelims 2026) की तारीख में बड़ा बदलाव किया है.
इसके तहत पूर्व में यह परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित होने वाली थी, लेकिन संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब यह परीक्षा 6 दिसंबर को आयोजित की जाएगी. प्रीलिम्स के साथ-साथ आयोग ने इस भर्ती परीक्षा के अगले चरण यानी मुख्य परीक्षा (RAS Mains Exam) के आयोजन को लेकर संभावित तिथि भी जारी की है. आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा का आयोजन 1 से 2 मई 2027 तक किया जाना प्रस्तावित है.
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने जारी किया आदेश
राजस्थान लोक सेवा आयोग के सचिव रामनिवास मेहता के जरिए कि गई आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, सिर्फ आरएएस प्रारंभिक परीक्षा ही नहीं, बल्कि कुछ अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं के टाइमटेबल में भी फेरबदल किया गया है. इन सभी परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव पूरी तरह से प्रशासनिक और लॉजिस्टिक्स कारणों को ध्यान में रखकर किया गया है, ताकि परीक्षाओं का संचालन निष्पक्ष और सुचारू रूप से हो सके.
यहां देखें अधिसूचना

प्राध्यापक-विशेष शिक्षा और सहायक अभियोजन अधिकारी परीक्षा भी री-शेड्यूल
संशोधित परीक्षा तिथि पत्र (Revised Exam Calendar) के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत होने वाली प्राध्यापक-विशेष शिक्षा प्रतियोगी परीक्षा, 2026 की तिथि भी आगे बढ़ा दी गई है. पहले इस परीक्षा का आयोजन 6 दिसंबर 2026 को होना था, लेकिन चूंकि अब उस दिन आरएएस प्रीलिम्स परीक्षा होगी, इसलिए प्राध्यापक परीक्षा को दो दिन आगे खिसकाकर अब 8 दिसंबर 2026 को कराना प्रस्तावित किया गया है.
इसके अतिरिक्त, कानून और न्याय क्षेत्र से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए आयोजित होने वाली सहायक अभियोजन अधिकारी (मुख्य) परीक्षा, 2026 (APO Mains) की तारीख भी तय कर दी गई है. आयोग ने इसे 27 दिसंबर 2026 को आयोजित करने का फैसला लिया है.
विस्तृत कार्यक्रम जल्द होगा जारी
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन सभी आगामी परीक्षाओं का विषयवार और शिफ्ट के अनुसार विस्तृत कार्यक्रम और प्रवेश पत्र तय समय पर आरपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे.