चंडीगढ़ निगम के 2 इंस्पेक्टरों की तस्वीरें वायरल:एक मालिश कराता दिखा, दूसरा टेबल पर आराम करता नजर

1000032543

Photos of two Chandigarh Municipal Corporation inspectors go viral

Photos of two Chandigarh Municipal Corporation inspectors go viral, चंडीगढ़ नगर निगम के कथित दो इंस्पेक्टरों की मक्खन माजरा गौशाला के अंदर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वायरल तस्वीरों में एक इंस्पेक्टर किसी कर्मी से मालिश करवाते हुए दिखाई दे रहा है। जबकि, दूसरा गौशाला कार्यालय में टेबल पर लेटकर आराम करता नजर आ रहा है।

दोनों इंस्पेक्टरों की पहचान ईशू सिंगला और सुच्चा सिंह के रूप में हुई है। लोग इनकी तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर रहे हैं और निगम के कामकाज व अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

वहीं, जब इन अधिकारियों से इस मामले में इनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया तो इन्होंने फोन नहीं उठाया। जब वॉट्सऐप पर मैसेज भेजा गया तो मैसेज सीन कर छोड़ दिया। इतना ही नहीं, जब इस बारे में जानने के लिए निगम कमिश्नर अमित कुमार को फोन किया गया तो उन्होंने भी फोन नहीं उठाया। हालांकि, निगम के सीनियर डिप्टी मेयर ने कहा कि इन पर कार्रवाई होनी चाहिए।

गौशाला कर्मी ने ही तस्वीरें वायरल कीं

जानकारी के अनुसार, वायरल फोटोज में दिख रहे दोनों इंस्पेक्टर सेनेटरी डिपार्टमेंट के हैं। उनकी इस गौशाला में ड्यूटी है। जो तस्वीरें वायरल हो रही हैं, उन्हें अंदर के ही किसी गौशाला कर्मी ने खींचकर नगर निगम के अन्य कर्मचारियों को भेजा था।

अब वहां से ही ये तस्वीरें आम लोगों तक फैल गई हैं। गुरुवार शाम करीब 5 बजे ही ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होना शुरू हुईं। इसके बाद लगातार शेयर की जा रही हैं। हालांकि, ये तस्वीरें कब की हैं, यह पुष्टि नहीं हुई है।

इन तस्वीरों पर क्यों हो रहा विवाद, पूरा मामला जानिए

मृत गायें मिलने से गौशाला चर्चा में आई: गौरतलब है कि इसी गौशाला में करीब 6 महीने पहले 45 गायें मृत मिली थीं। इसके बाद ही यह गौशाला चर्चा में आई। एनिमल कार्कस इंसिनरेशन प्लांट लंबे समय से बंद पड़ा था। इसके कारण मृत गायों का समय पर अंतिम निस्तारण नहीं हो पाया था और प्लांट के बरामदे में बड़ी संख्या में गायों के शव मिले थे। इस मामले ने पूरे शहर में काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई थी: करीब 6 महीने पहले हुए इस मामले में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे थे। आरोप लगे थे कि लापरवाही के कारण मृत पशुओं का समय पर निस्तारण नहीं हुआ। उस समय कार्रवाई करते हुए कुछ छोटे कर्मचारियों के खिलाफ कदम उठाए गए थे, लेकिन जिन अधिकारियों पर निगरानी और व्यवस्था की जिम्मेदारी थी, उनके खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई।

पुराने केस के कारण नए मामले की चर्चा: गौशाला में मृत गायें मिलने के बाद उसी गौशाला में निगम के अधिकारी आराम फरमाते और मालिश करवाते हुए दिखाई दिए हैं। इसी वजह से अब वायरल तस्वीरों के बाद पुराने मामले की भी फिर चर्चा शुरू हो गई है।

अधिकारियों ने चुप्पी साधी

इस नए केस के बारे में आरोपी अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। दैनिक भास्कर ने वायरल फोटोज की हकीकत जानने के लिए जब उन्हें फोन किया तो दोनों में से किसी ने भी कॉल नहीं उठाई। इसके बाद उनके वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर वायरल तस्वीरों के बारे में जवाब मांगा गया।

उनसे पूछा गया कि तस्वीरें कब और कहां की हैं? उस समय वे ड्यूटी पर थे या नहीं और वायरल तस्वीरों पर उनका क्या कहना है? यह वॉट्सऐप मैसेज भी दोनों अधिकारियों ने पढ़ लिया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

इनके बाद जब चंडीगढ़ नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार को फोन किया, तो उन्होंने भी फोन नहीं उठाया। उन्हें कई बार फोन किया गया। फिर भी उन्होंने कोई रिस्पॉन्ड नहीं किया। हालांकि, सूत्र बताते हैं कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिल चुकी है।