चंडीगढ़ में मोबाइल टावर पर चढ़ा शख्स उतारा गया; करीब 5 घंटे जद्दोजहद में बीते, पुलिस-फायर ब्रिगेड नीचे लाई, इस मांग पर अड़ा था
 
                        Chandigarh Man Came Down From The Tower After About 5 Hours Later
Chandigarh Man on Tower: चंडीगढ़ में मंगलवार सुबह हैरान करने वाला एक मामला सामने आया। यहां एक शख्स मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जिसके बाद उसने न उतरने की जिद पकड़ ली। वहीं शख्स को टावर पर चढ़ा देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। सूचना पाते ही थाना 17 पुलिस मौके पर पहुंची और शख्स को टावर से नीचे उतारने की कोशिश की गई। मौके पर फायर ब्रिगेड-एंबुलेंस को भी बुलाया गया। वहीं टावर पर चढ़े शख्स को देखने के लिए आसपास भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। फिलहाल, शख्स को अब नीचे उतार लिया गया है। शख्स को नीचे उतारने के लिए पुलिस-फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब 5 घंटे तक जद्दोजहद की। जिसके बाद कहीं शख्स को नीचे लाया जा सका।

टावर पर चढ़ा शख्स इस मांग पर अड़ा था
दरअसल, यह शख्स हरियाणा के जींद का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि, विक्रम इसलिए मोबाइल टावर पर चढ़ा क्योंकि वह जमीनी विवाद के एक मामले से जूझ रहा है। विक्रम का जमीनी मामले में गांव जटाना जिला मानसा में झगड़ा है। विक्रम का आरोप है कि मामले में कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिसके चलते वह सेक्टर 17 स्थित नज़दीक बस स्टैंड के पास मंगलवार को सुबह करीब 8:30 बजे टावर पर चढ़ गया और पंजाब सीएम से मिलने की मांग की। शख्स जिद पर अड़ा था कि, जब तक पंजाब सीएम उसके सामने नहीं पहुंचेंगे तब तक वह टावर से नीचे उतरेगा और अगर उसे जबरन उतारने की कोशिश की गई तो वह ऊपर से कूद जाएगा।
टावर पर चढ़े शख्स के पास माइक भी
बता दें कि, टावर पर चढ़े शख्स ने अपने हाथ में माइक भी ले रखा था। वह अपनी बात टावर के ऊपर से माइक से बोल रहा था। जमीनी विवाद में सुनवाई न होने और सीएम से मिलने की मांग को लेकर शख्स करीब 50 फुट के टावर पर वह 5 घंटे तक बैठा रहा। हालांकि, सीएम के आने वाली मांग तो शख्स की स्वीकार नहीं हुई लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने शख्स को उसके मामले को सुलझाने का पूरा आश्वासन दिया। जिसके बाद कहीं विक्रम नीचे आया। टावर पर चढ़े शख्स को सुरक्षित नीचे लाने के लिए डीएसपी सेन्ट्रल गुरमुख सिंह और डीएसपी साउथ वेस्ट चरणजीत सिंह विर्क भी मौके पर पहुंचे थे।

 
                                 
                                 
                                 
                                 
                                 
                                