Chandigarh AAP Workers Protest| चंडीगढ़ में AAP का विरोध प्रदर्शन, संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ हल्ला बोल, पुलिस से टकराव

चंडीगढ़ में AAP कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पलटे; पुलिस ने वाटर कैनन के साथ पटकीं लाठियां, सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी का कर रहे विरोध, टकराव का VIDEO

Chandigarh AAP Workers Protest Against Arrest Sanjay Singh Police Clash Video

Chandigarh AAP Workers Protest Against Arrest Sanjay Singh Police Clash Video

Chandigarh AAP Workers Protest: आप नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली समेत देश के तमाम हिस्सों में जोरदार प्रदर्शन शुरू हो गया है। चंडीगढ़ में भी आम आदमी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हुए हैं और संजय सिंह की गिरफ्तारी पर विरोध जता रहे हैं। इस दौरान चंडीगढ़ पुलिस और आप कार्यकर्ताओं में टकराव हुआ है।

चंडीगढ़ पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया

दरअसल, चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर जब कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका तो कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स क्रॉस करने की कोशिश की। जहां इस बीच इन्हें रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। कार्यकर्ता आगे बढ़ने के लिए बैरिकेड्स उखाड़ते और पलटाते दिखे। जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने कार्यकर्ताओं को इधर-उधर हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

वाटर कैनन से थोड़ी देर रुके, फिर आगे बढ़े

आप कार्यकर्ताओं को काबू करने के लिए इनपर वाटर कैनन से पानी की तेज बौछारें जब तक छोड़ीं गईं तबतक ये थोड़ी देर के लिए रुके लेकिन इसके बाद फिर से आगे बढ़ने के लिए बैरिकेड्स पर आकर हावी हो गए। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल ने बैरिकेड्स पर लाठीयां पटकीं ताकि वह बैरिकेड्स से दूर रहें। हालांकि, फिर भी कार्यकर्ता नहीं माने और बैरिकेड्स हटाने के लिए ज़ोर लगाते रहे।

 

दिल्ली में भी झड़प, महाराष्ट्र में हिरासत में लिए गए आप कार्यकर्ता

बता दें कि, इसी प्रकार दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का प्रदर्शन देखा गया। दिल्ली में तो पुलिस के साथ आप कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई। वहीं महाराष्ट्र में प्रदर्शन करने उतरे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में कई जगहों पर पीएम मोदी के पुतले भी जलाए गए हैं।

 

छापेमारी के बाद ED ने संजय सिंह को उठाया

ED की टीम बीते बुधवार को सुबह से ही संजय सिंह के घर पहुंच गई थी और छापेमारी कर रही थी। इस दौरान संजय सिंह से पूछताक्ष की गई। इसके बाद शाम तक खबर आ गई कि ED ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, दिल्ली शराब नीति और घोटाला मामले की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। मालूम रहे कि, इसी मामले में पहले से ही आप नेता और पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल में बंद हैं। सीबीआई ने सिसोदिया को 26 फरवरी को करीब 8 घंटे की पूछताक्ष के बाद गिरफ्तार किया था। इसके बाद ईडी ने सिसोदिया को इस मामले में नौ मार्च को गिरफ्तार किया। सिसोदिया को अब तक जमानत नहीं मिल पाई है।

कुछ नहीं मिला, आकाओं के कहने पर गिरफ्तार कर लिया

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर उनके पिता दिनेश सिंह ने कहा कि ED की टीम ने घर में लंबे समय तक छापेमारी की लेकिन टीम को कुछ नहीं मिला। दिनेश सिंह ने कहा कि अगर किसी को कुछ नहीं मिल रहा, तो वह लंबा टटोलेगा ही। ED को कुछ नहीं मिला, इसलिए छापेमारी में समय लगा। दिनेश सिंह ने कहा कि, संजय सिंह की गिरफ्तारी सिर्फ और सिर्फ ऊपर बैठे आकाओं के कहने पर की गई है। ED ने वही किया जो कहा गया।

केजरीवाल बोले- मोदी सिर से लेकर पांव तक भ्रष्टाचार में डूबे

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर केजरीवाल ने पीएम मोदी पर सीधा हमला बोला है। केजरीवाल ने कहा कि, पीएम मोदी सिर से लेकर पांव तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। आज़ाद भारत के सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री हैं पीएम मोदी। कल जब इनकी सरकार नहीं रहेगी और इनकी जांच होगी तो देखना कितने भ्रष्टाचार के मामले निकल आएंगे। केजरीवाल ने कहा कि, संजय सिंह ने उनके भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ सबसे बुलंद आवाज़ की थी इसीलिए गिरफ्तारी करवा दी। लेकिन संजय सिंह शेर हैं, वह घबराने वाले नहीं हैं। हम डरेंगे नहीं, फिर जो भी खामियाजा भुगतना पड़े।

वहीं आप मंत्री आतिशी ने कहा, "मैं BJP, उनके प्रवक्ता और उनकी एजेंसियों को चुनौती देती हूं कि कोई भी प्रमाण रखें और बताएं एक रुपया भी जो संजय सिंह के घर से मिला हो, जिसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया... वे बताएं कि उन्हें संजय सिंह के घर से कितने सोने के बिस्किट, कितनी नकदी मिली?... उन्हें संजय सिंह के घर से कुछ नहीं मिला..." संजय सिंह की गिरफ़्तारी बिलकुल ग़ैर क़ानूनी है। ये मोदी जी की बौखलाहट दर्शाता है। चुनाव तक ये कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ़्तार करेंगे।

विपक्ष बोला- ED-CBI बीजेपी की शाखा

इधर, आप के साथ-साथ अन्य विपक्षी पार्टियां भी संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पीएम मोदी और उनकी सरकार को घेरने में लग गई हैं। विपक्षी पार्टियों का कहना है कि, सच बोलने के लिए ये बदला लिया जा रहा है। कोई सच बोलेगा तो उसके पीछे बीजेपी की ED-CBI शाखा पीछे पड़ जाती है। लेकिन ये तानाशाही अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली... जनता सब देख रही है और चुनाव में इसका हिसाब करेगी॥