शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु नर्सों से मारपीट, पिता-पुत्र समेत 15-20 लोगों पर केस दर्ज
- By Gaurav --
- Tuesday, 21 Jul, 2026
Case Registered Against 15–20 People
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु नर्सों के साथ कथित मारपीट, अभद्रता और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र समेत 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के अनुसार, घटना थाना चौक कोतवाली क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज की डायलिसिस यूनिट में हुई। आरोप है कि भर्ती मरीज के परिजनों को संदेह हुआ कि एक प्रशिक्षु नर्स उनका वीडियो बना रही है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और परिजनों ने नर्स के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद अन्य प्रशिक्षु नर्सों के साथ भी हाथापाई की गई।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुलाकर डायलिसिस यूनिट में तोड़फोड़ की, नर्सों को केबिन से बाहर निकालकर उनके साथ मारपीट की तथा एक प्रशिक्षु नर्स को जबरन कार में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। शिकायत में एक महिला प्रशिक्षु नर्स के साथ अशोभनीय हरकत करने और अनुचित तरीके से छूने के भी आरोप लगाए गए हैं।
घटना के बाद पीड़ित प्रशिक्षु नर्सों ने शाहजहांपुर की महापौर अर्चना वर्मा से मुलाकात कर अपनी सुरक्षा की मांग की। उनका आरोप है कि शिकायत वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक प्रशिक्षु नर्स हमलावरों को ददरौल क्षेत्र के एक भाजपा विधायक से जुड़ा बता रही है। हालांकि, ददरौल से भाजपा विधायक अरविंद सिंह ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है।
पुलिस ने अभय प्रताप सिंह, विजय प्रताप सिंह और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।