दिल्ली विधानसभा, सचिवालय और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप
- By Gaurav --
- Friday, 10 Apr, 2026
Bomb threat email triggers security
देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली विधानसभा, सचिवालय, कुछ स्कूलों और एक मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुबह करीब 8:14 बजे यह धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें अलग-अलग समय पर विस्फोट करने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत सुरक्षा जांच शुरू कर दी।
सूचना के बाद दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और विधानसभा परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू किया गया। ईमेल में जिन स्कूलों और मेट्रो स्टेशन का जिक्र किया गया था, वहां भी एंटी-सबोटेज जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है, स्थिति नियंत्रण में है। साथ ही नागरिकों से किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी है।