Yogi Govt Launches Skill Training

योगी सरकार की पहल: शिक्षकों को मिलेगा स्किल ट्रेनिंग, छात्रों को रोजगारपरक शिक्षा पर होगा फोकस

undefined

Yogi Govt Launches Skill Training

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ने के लिए नई पहल कर रही है। इसी क्रम में गन्ना एवं चीनी विभाग ने सहकारी गन्ना समितियों के माध्यम से संचालित विद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से चयनित शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय उच्च स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 से 15 जुलाई 2026 तक लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान, लखनऊ में आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन वाधवानी फाउंडेशन की सहयोगी संस्था स्किल्स डेवलपमेंट नेटवर्क (एसडीएन) के सहयोग से किया जाएगा। इसमें बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, बलरामपुर और बस्ती सहित आठ प्रमुख गन्ना उत्पादक जिलों से चयनित 40 शिक्षक भाग लेंगे।

गन्ना एवं चीनी आयुक्त मिनिस्ती एस. के अनुसार, प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक कौशल, रोजगारपरक शिक्षा और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है, ताकि वे विद्यार्थियों को नई तकनीकों और रोजगार से जुड़े कौशल से परिचित करा सकें। इससे छात्रों को राष्ट्रीय और वैश्विक रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण के बाद शिक्षक सहकारी गन्ना समितियों के सहयोग से संचालित शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का कार्य करेंगे। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक दक्षता प्रदान कर उन्हें भविष्य की प्रतिस्पर्धी चुनौतियों के लिए तैयार करना है।