Sirmaur Accident: हिमाचल के सिरमौर में सड़क हादसा; हाईवे पर रेलिंग तोड़ते हुए 150 फुट गहरी खाई में गिरी कार, 3 की मौत

हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक सड़क हादसा; हाईवे पर रेलिंग तोड़ते हुए 150 फुट गहरी खाई में गिरी कार, 3 लोगों की मौत, एक गंभीर

Himachal Horrific Road Accident Car Falls 150 Foot Deep Gorge

Himachal Horrific Road Accident Car Falls 150 Foot Deep Gorge

Sirmaur Road Accident: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां नाहन-कुमारहट्टी-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 फुट गहरी खाई में जा गिरी. यह हादसा हाईवे के एक तीखे मोड़ पर हुआ. इस भीषण हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है. जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है. हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे. मौके पर पहुंची पुलिस हादसे को लेकर जांच-पड़ताल और आगामी कार्रवाई कर रही है.

हाईवे पर रेलिंग तोड़ते हुए खाई में गिरी कार

बताया जाता है कि कार इस कदर अनियंत्रित हुई कि हाईवे पर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए खाई में जा गिरी. हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की जान चली गई. जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसा होने के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी. जहां सूचने मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया.

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान रीना शर्मा (48), अधिकारी जैतली (65), तथा उर्मिल जैतली (60) के रूप में हुई है। सभी मृतक सिरमौर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. वहीं हादसे में अधिकारी जैतली का 33 वर्षीय बेटा यशस्वी जैतली गंभीर रूप से घायल है और नाहन स्थित डॉ. वाई. एस. परमार मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, हादसे के समय चार अधिकारी जैतली द्वारा चलाई जा रही थी. वहीं पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है.

पहाड़ी रास्तों पर वाहन चलाना खतरे से भरा

हिमाचल में वाहनों के खाई में गिरने के हादसे बढ़ते जा रहे हैं। अक्सर सुनने को मिलता है कि कहीं यहां वाहन खाई में गिर गया, तो कहीं वहां वाहन खाई में गिर गया. अबतक हिमाचल में हुए ऐसे हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है और ये आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। दरअसल, हिमाचल और उत्तराखंड में पहाड़ों के बीच मौजूद रास्ते बेहद कठिन और खतरे भरे हो जाते हैं। जरा सी चूक और जिंदगी खत्म वाला यहां हाल है. पहाड़ों के बीच तंग हालत में गुजरने वाले रास्ते हादसों को दावत देते रहते हैं.