Bomb Threat Email Triggers Security

नोएडा कलेक्ट्रेट को ई-मेल से बम की धमकी, जांच में कुछ नहीं मिला

pp

Bomb Threat Email Triggers Security

नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार सुबह ई-मेल के जरिए बम रखे होने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस, आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस), बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कलेक्ट्रेट परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद स्थिति सामान्य पाई गई और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिलाधिकारी कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी, जिसके बाद सभी सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल संयुक्त अभियान चलाकर परिसर की जांच की। फिलहाल किसी प्रकार का खतरा सामने नहीं आया है।

पुलिस ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने और मामले की सच्चाई का पता लगाने के लिए साइबर टीम तकनीकी जांच में जुटी हुई है। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।