समाधान समारोह 2026: सुप्रीम कोर्ट में 21 से 23 अगस्त तक लगेगी विशेष लोक अदालत, 31 जुलाई तक करें आवेदन
- By Gaurav --
- Monday, 13 Jul, 2026
Samadhan Samaroh 2026: Special
चंबा: सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एकांश कपिल ने बताया कि आम लोगों को सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 'समाधान समारोह 2026' अभियान शुरू किया गया है। इस विशेष पहल के तहत विभिन्न लंबित मामलों का निपटारा आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता के माध्यम से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत 21 अप्रैल 2026 से ही राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं समितियों के मध्यस्थता केंद्रों में सुलह और मध्यस्थता बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों के बीच सहमति बनाने में सहयोग कर रहे हैं। पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं।
एकांश कपिल ने अधिवक्ताओं और संबंधित पक्षकारों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि लंबित मामलों को विशेष लोक अदालत में शामिल कराने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।