BJP Holds Protest March in Rohtak,

रोहतक में भाजपा का आक्रोश मार्च, PM आवास प्रदर्शन पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना

iii

BJP Holds Protest March in Rohtak,

 कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के बाहर किए गए विरोध प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को रोहतक में आक्रोश मार्च निकाला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सुभाष चौक पर एकत्रित हुए और वहां से अंबेडकर चौक होते हुए कांग्रेस प्रदेश कार्यालय तक पैदल मार्च किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।                                                                    

मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाए और कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं तथा देश की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है।                                                                                                                                         

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब नीट परीक्षा का मामला सामने आया था, तब वह लंबे समय तक विदेश में रहे और संसद का सत्र शुरू होने पर अचानक सक्रिय हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सकारात्मक चर्चा के बजाय राजनीतिक प्रदर्शन की राजनीति कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को पेपर लीक के मुद्दे पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भी कई बार पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकारों ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पेपर लीक के मामलों में त्वरित कार्रवाई की है तथा परीक्षाओं को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।                                                                                                 

डॉ. अर्चना गुप्ता ने राहुल गांधी को "मौसमी नेता" बताते हुए कहा कि वे केवल राजनीतिक अवसर आने पर ही सक्रिय दिखाई देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी युवाओं को गुमराह कर उन्हें राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं, जबकि देश का युवा विकास, पारदर्शिता और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ा है।

उन्होंने कांग्रेस को 1975 के आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा कि लोकतंत्र पर सबसे बड़ा आघात कांग्रेस शासन के दौरान हुआ था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को लोकतंत्र और संविधान पर सवाल उठाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास का भी आत्ममंथन करना चाहिए।                                                                                       

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हर विषय पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस तथ्य और तर्क के बजाय हंगामे की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि संसद जनता के करदाताओं के धन से चलती है और वहां जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जबकि कांग्रेस सकारात्मक राजनीति के बजाय भ्रम और टकराव की राजनीति कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है।


लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं राहुल गांधी : ओम प्रकाश धनखड़

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भी भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। धनखड़ ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे कांग्रेस के भ्रम फैलाने वाले अभियान का तथ्यों के आधार पर जवाब दें तथा केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं।


कांग्रेस का चरित्र झूठ, भ्रम और राजनीतिक अवसरवाद का पर्याय बन चुका है : मनीष ग्रोवर

पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस जनता के वास्तविक मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय झूठ और भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयानों का उद्देश्य देश में अविश्वास का वातावरण बनाना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, विकास और सुशासन की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस समाज को बांटने और संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार प्रश्नचिह्न लगाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा भी तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित
रोहतक स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के उपरांत भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश सचिव रेनू डाबला सहित अनेक नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह, रोहतक जिला प्रभारी एडवोकेट विजयपाल, रोहतक जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका, झज्जर जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जींद जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, रेवाड़ी जिला अध्यक्ष वंदना पोपली, भाजपा नेता नागेंद्र शर्मा, नरेंद्र वत्स, डॉ. दिनेश घीलौड, मुकेश गौड़, जिला परिषद चेयरमैन मंजू हुड्डा, जिला महामंत्री नितिन जैन, जिला उपाध्यक्ष नवीन ढुल, पूर्व चेयरमैन प्रतिभा सुमन, जिला मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज, हरिओम मित्तल, जिला कोषाध्यक्ष अमित बंसल, विभिन्न ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।