समस्तीपुर में गैंगवार से दहला इलाका, वर्चस्व की लड़ाई में दो युवकों की गोली मारकर हत्या

1000031567

Area in Samastipur shaken by gang war;

समस्तीपुर। Samastipur Gangwar: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चकमहेसी थाना क्षेत्र के नामापुर गांव में बुधवार की रात अपराधियों ने आपसी वर्चस्व को लेकर दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी।

इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतकों की पहचान प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार के रूप में की गई है। दोनों के शव नदी किनारे स्थित ढाब के पास से बरामद हुए हैं।

2d61f195-4247-43f9-9aa6-a4bd16247487

घात लगाकर बैठे अपराधियों ने किया हमला

घटना के संबंध में मृतक प्रभात के पिता संजय कुमार चौधरी ने बताया कि बुधवार की रात उनका बेटा घर पर ही था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर किसी का कॉल आया और उसे मिलने के लिए बुलाया गया।

रात करीब 10 बजे प्रभात अपनी स्कार्पियो गाड़ी से अपने सहयोगी सन्नी कुमार के साथ नामापुर दरियापार पहुंचा। वहां पहले से ही घात लगाए बैठे अपराधियों ने दोनों को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

a72fa747-e8ab-482e-9e24-1ce84a48db16

मौके पर ही तोड़ा दम

अपराधियों द्वारा की गई इस अंधाधुंध गोलीबारी में प्रभात चौधरी को चार से पांच गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके साथ आया बेलसंडी गांव का निवासी सन्नी कुमार जान बचाकर भागने लगा।

अपराधियों ने भागते हुए सन्नी की पीठ और पैर में भी गोली मार दी। जख्मी हालत में उसे इलाज के लिए डीएमसीएच (DMCH) ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

abb474b9-7640-4b97-bd1a-8fcdd35a1700

पुलिस जांच और फॉरेंसिक साक्ष्य

वारदात की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 संजय कुमार और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस को घटनास्थल से दो लोडेड मैगजीन और कई खाली खोखे मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) और डीआईयू (DIU) की टीमों को लगाया गया है।

गुरुवार को दरभंगा प्रक्षेत्र के डीआईजी ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मृतक का आपराधिक इतिहास

मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि पुलिस गैंगवार और आपसी रंजिश समेत सभी कोणों से जांच कर रही है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि मृतक प्रभात चौधरी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।

उसके खिलाफ पहले से ही शराब तस्करी, हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। इससे पहले साल 2023 में भी कोर्ट में पेशी के दौरान उस पर जानलेवा हमला हुआ था और फायरिंग की गई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।