Bihar BJP: बिहार BJP विधायक दल के नेता बने सम्राट चौधरी; जानिए कौन चुना गया उपनेता, NDA सरकार का भव्य शपथ समारोह

बिहार BJP विधायक दल के नेता बने सम्राट चौधरी; जानिए कौन चुना गया उपनेता, कल नई NDA सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह

Bihar NDA New Government Samrat Chaudhary Leader Bihar BJP Legislatipe Party

Bihar NDA New Government Samrat Chaudhary Leader Bihar BJP Legislatipe Party

Bihar BJP: बिहार में मिले बड़े जनादेश के बाद अब बीजेपी विधायक दल के नेता का चुनाव भी हो गया है। सम्राट चौधरी को बिहार बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है। पटना में बुधवार सुबह केंद्रीय पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य और सह पर्यवेक्षक अर्जुन राम मेघवाल के नेतृत्व में विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में बीजेपी के बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी शामिल रहे। वहीं बैठक में विधायक दल के नेता के लिए सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा गया। जिस पर पार्टी के सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से अपनी मुहर लगाई।

विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया

सम्राट चौधरी को जहां विधायक दल का नेता चुना गया तो वहीं विजय सिन्हा को विधायक दल के उपनेता के रूप में चुना गया है। दोनों नेता ही बिहार के डिप्टी सीएम हैं और नई NDA सरकार में भी दोनों का एक बार फिर डिप्टी सीएम बनना तय हो गया है। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि पार्टी को बहुत धन्यवाद देता हूं कि पार्टी ने इतना बड़ा दायित्व दिया है। बिहार का विकास किया जाएगा।

इधर विजय सिन्हा ने भी पार्टी नेतृत्व और सभी विधायकों का अभारा जताया है। सिन्हा ने कहा कि मैं अपने शीर्ष नेतृत्व और सभी विधायकों का आभार व्यक्त करता हूं। बिहार की विकास की रफ्तार को बढ़ाने का जो जनादेश मिला है, अब सुशासन से समृद्धि के संकल्प को साकार करने का और विकसित बिहार बनाने के पूरे संकल्प को साकार करने में हम अपनी व्यवस्था लगाएंगे।

कल नई NDA सरकार का भव्य शपथ समारोह

बिहार में कल नई NDA सरकार का गठन हो जाएगा। पटना के गांधी मैदान में सुबह 11:30 बजे से शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू होगा. जिसमें नीतीश कुमार दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। साथ ही 20 अन्य विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। साल 2010 के बाद पहली बार गांधी मैदान में सीएम का शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य केंद्रीय मंत्रियों के साथ एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री-उप मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

बिहार चुनाव में NDA की प्रचंड जीत

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी नेतृत्व वाले NDA की सुनामी देखने को मिली है। NDA ने प्रचंड जीत के साथ कुल 243 सीटों में से 202 सीटों (बहुमत 122) पर अपना कब्जा जमाया। बीजेपी ने अकेले ही 89 सीटों पर जीत का झंडा गाड़ा। इसी के साथ बीजेपी बिहार की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं बीजेपी के बाद दूसरे नंबर पर NDA सहयोगी नीतीश कुमार की JDU रही। जिसने 85 सीटों पर बड़ी जीत दर्ज़ की। इसके साथ ही चिराग पासवान की पार्टी (LJP राम विलास) 19 , HAM (S) 5 और RLM 4 सीटों पर जीत हासिल की।

बिहार में महागठबंधन की लुटिया डूबी

वहीं बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में RJD-CONG महागठबंधन की तो लुटिया डूब गई। जिस महागठबंध (MGB) ने पिछले विधानसभा चुनाव में 110 सीटें जीती थीं। उसे इस बार केवल 35 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। इस बार RJD ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को केवल 6 सीटें ही मिली हैं। पिछले चुनाव में RJD ने 75 और कांग्रेस ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। बता दें कि इस बार आरजेडी ने 143 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी और वहीं कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 61 उम्मीदवार उतारे थे। कई सीटों पर महागठबंधन की फ्रेंडली फाइट भी थी।