AAP MP Sanjay Singh on ED Remand| AAP सांसद संजय सिंह को ED ने रिमांड पर लिया; दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट में कराई पेशी

AAP सांसद संजय सिंह को ED ने रिमांड पर लिया; दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट में कराई पेशी, छापेमारी के बाद घर से उठाया था

AAP MP Sanjay Singh on ED Remand Latest Updates

AAP MP Sanjay Singh on ED Remand Latest Updates

 

AAP MP Sanjay Singh on Remand: दिल्ली शराब नीति और घोटाला मामले में गिरफ्तार आप सांसद संजय सिंह को 10 अक्टूबर तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया गया है। ईडी ने संजय सिंह को दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था। ईडी ने कोर्ट से संजय सिंह की 7 से 10 दिन की रिमांड मांगी थी। इस बीच संजय सिंह की ओर से पेश वरिष्ठ वकील मोहित माथुर ने रिमांड का कड़ा विरोध किया और कई दलीलें रखीं। लेकिन कोर्ट ने ईडी को संजय सिंह की 5 दिन की रिमांड दे दी। इससे पहले ईडी ने राऊज एवेन्यू कोर्ट में संजय सिंह पर छापेमारी और गिरफ्तारी की पूरी रिपोर्ट दी। इस बीच कोर्ट के ईडी से कई सवाल-जवाब हुए।

संजय सिंह ने कहा- मोदी चुनाव हार रहे हैं

बता दें कि, जब ईडी संजय सिंह को राऊज एवेन्यू कोर्ट लेकर पहुंची और वह कोर्ट के अंदर जाने लगे तो इस बीच मीडिया ने उनसे गिरफ्तारी को लेकर सवाल किया तो संजय सिंह ने कहा कि, हारेंगे मोदी, मोदी चुनाव हार रहे हैं इसलिए ऐसा कर रहे हैं।

बीजेपी ने कहा- 2-3 करोड़ का लेनदेन है

संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह का कहना है कि ईडी की जांच के मुताबिक- संजय सिंह, दिनेश अरोड़ा और अमित अरोड़ा से मिलते रहते थे... संजय सिंह के घर पर ही मुलाक़ात होती थी, इसके बाद इन सभी शराब माफियाओं को लेकर संजय सिंह केजरीवाल के घर जाते थे। इनहोने संजय सिंह को 2 करोड़ से 3 करोड़ रुपये दिए... बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि, शराब घोटाले के इस मामले में आप नेता मनीष सिसौदिया भी शामिल हैं जो कि पहले ही जेल में हैं।

छापेमारी के बाद ED ने संजय सिंह को उठाया

ED की टीम बीते बुधवार को सुबह से ही संजय सिंह के घर पहुंच गई थी और छापेमारी कर रही थी। इस दौरान संजय सिंह से पूछताक्ष की गई। इसके बाद शाम तक खबर आ गई कि ED ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, दिल्ली शराब नीति और घोटाला मामले की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। मालूम रहे कि, इसी मामले में पहले से ही आप नेता और पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल में बंद हैं। सीबीआई ने सिसोदिया को 26 फरवरी को करीब 8 घंटे की पूछताक्ष के बाद गिरफ्तार किया था। इसके बाद ईडी ने सिसोदिया को इस मामले में नौ मार्च को गिरफ्तार किया। सिसोदिया को अब तक जमानत नहीं मिल पाई है।

कुछ नहीं मिला, आकाओं के कहने पर गिरफ्तार कर लिया

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर उनके पिता दिनेश सिंह ने कहा कि ED की टीम ने घर में लंबे समय तक छापेमारी की लेकिन टीम को कुछ नहीं मिला। दिनेश सिंह ने कहा कि अगर किसी को कुछ नहीं मिल रहा, तो वह लंबा टटोलेगा ही। ED को कुछ नहीं मिला, इसलिए छापेमारी में समय लगा। दिनेश सिंह ने कहा कि, संजय सिंह की गिरफ्तारी सिर्फ और सिर्फ ऊपर बैठे आकाओं के कहने पर की गई है। ED ने वही किया जो कहा गया।

केजरीवाल बोले- मोदी सिर से लेकर पांव तक भ्रष्टाचार में डूबे

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर केजरीवाल ने पीएम मोदी पर सीधा हमला बोला है। केजरीवाल ने कहा कि, पीएम मोदी सिर से लेकर पांव तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। आज़ाद भारत के सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री हैं पीएम मोदी। कल जब इनकी सरकार नहीं रहेगी और इनकी जांच होगी तो देखना कितने भ्रष्टाचार के मामले निकल आएंगे। केजरीवाल ने कहा कि, संजय सिंह ने उनके भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ सबसे बुलंद आवाज़ की थी इसीलिए गिरफ्तारी करवा दी। लेकिन संजय सिंह शेर हैं, वह घबराने वाले नहीं हैं। हम डरेंगे नहीं, फिर जो भी खामियाजा भुगतना पड़े।

वहीं आप मंत्री आतिशी ने कहा, "मैं BJP, उनके प्रवक्ता और उनकी एजेंसियों को चुनौती देती हूं कि कोई भी प्रमाण रखें और बताएं एक रुपया भी जो संजय सिंह के घर से मिला हो, जिसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया... वे बताएं कि उन्हें संजय सिंह के घर से कितने सोने के बिस्किट, कितनी नकदी मिली?... उन्हें संजय सिंह के घर से कुछ नहीं मिला..." संजय सिंह की गिरफ़्तारी बिलकुल ग़ैर क़ानूनी है। ये मोदी जी की बौखलाहट दर्शाता है। चुनाव तक ये कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ़्तार करेंगे।

विपक्ष बोला- ED-CBI बीजेपी की शाखा

इधर, आप के साथ-साथ अन्य विपक्षी पार्टियां भी संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पीएम मोदी और उनकी सरकार को घेरने में लग गई हैं। विपक्षी पार्टियों का कहना है कि, सच बोलने के लिए ये बदला लिया जा रहा है। कोई सच बोलेगा तो उसके पीछे बीजेपी की ED-CBI शाखा पीछे पड़ जाती है। लेकिन ये तानाशाही अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली... जनता सब देख रही है और चुनाव में इसका हिसाब करेगी॥