दिल्ली में 5.50 करोड़ रुपये के GST रिफंड घोटाले का भंडाफोड़, 3 अधिकारी समेत 5 गिरफ्तार
₹5.5 Crore GST Refund Scam Busted
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.50 करोड़ रुपये के कथित GST रिफंड घोटाले का पर्दाफाश किया है। इस मामले में दिल्ली सरकार के व्यापार एवं कर विभाग के तीन सरकारी अधिकारियों और दो निजी व्यक्तियों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही घोटाले की रकम से खरीदे गए रोहिणी स्थित दो लग्जरी फ्लैट भी कुर्क कर लिए गए हैं।
एसीबी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीएसटी अधिकारी अजीत सिंह, जीएसटी निरीक्षक अटल भारद्वाज, अवर श्रेणी लिपिक हिमांशु मलिक तथा निजी व्यक्ति अजय कुमार और आशीष मिश्रा के रूप में हुई है। यह मामला व्यापार एवं कर विभाग की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था, जिसमें जीएसटी रिफंड दावों की प्रक्रिया और मंजूरी में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे।
जांच में सामने आया कि वैधानिक प्रावधानों और विभागीय प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए जीएसटी रिफंड मंजूर किए गए। आरोप है कि अनिवार्य सत्यापन और वित्तीय जांच को नजरअंदाज किया गया तथा फर्जी दस्तावेजों और नकली तस्वीरों के आधार पर दावों को असामान्य रूप से कम समय में स्वीकृति दे दी गई। इससे सरकारी खजाने को करीब 5.50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
एसीबी का कहना है कि घोटाले से अर्जित धन का एक हिस्सा आरोपियों में से एक सरकारी अधिकारी के परिवार के सदस्यों के खातों में ट्रांसफर किया गया, जिसका इस्तेमाल दिल्ली के रोहिणी इलाके में दो फ्लैट खरीदने में किया गया। सक्षम अदालत के आदेश पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत इन संपत्तियों को कुर्क कर लिया गया है।
फिलहाल एसीबी मामले की गहन जांच कर रही है। एजेंसी अन्य संभावित आरोपियों की पहचान, घोटाले की बाकी रकम का पता लगाने और डिजिटल व वित्तीय साक्ष्यों की जांच में जुटी हुई है।