यूपी में 'येलो अलर्ट': पारा 45° सेल्सियस के पार जाने की आशंका; रविवार और सोमवार को लू का कहर
'Yellow Alert' in UP: Mercury Feared to Cross 45°C
लखनऊ। 'Yellow Alert' in UP: Mercury Feared to Cross 45°C, शुष्क मौसम के कारण बढ़ते तापमान में तेज पछुआ हवाओं ने मौसम में उष्णता का तड़का लगा दिया है। प्रचंड होते तापमान के कारण मौसम विभाग ने रविवार व सोमवार को हीट वेव (उष्ण लहर या लू) चलने की चेतावनी जारी की है।
येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को इससे बचने का परामर्श दिया गया है। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक यदि बहुत आवश्यक न हो तो बाहर न ही निकलें और यदि निकलें भी तो पूरी सावधानी के साथ, वर्ना हीट स्ट्रोक, सन बर्न के शिकार हो सकते हैं।
मौसम विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के दक्षिणी भाग में अधिकतम तापमान 45° सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है या इसे भी पार कर सकता है। इसके साथ ही प्रदेश में आ रही शुष्क पछुआ हवाओं की गति तेज हो सकती है। इसके चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग में कहीं-कहीं उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना है।
18 किमी प्रति घंटा के वेग से चली गरम पछुआ, सड़कों-घाटों पर पसरा सन्नाटा
शनिवार को ही बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्र्री सेल्सियस की कमी आई और यह सामान्य से एक डिग्री अधिक 23.4 रहा। उधर बाबतपुर एयरपोर्ट पर अधिकत तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक 41.8 पर पहुंच गया।
इस बीच आर्द्रता घटकर बीएचयू क्षेत्र में 60 से 29 व बाबतपुर क्षेत्र मे 37 से 19 प्रतिशत के बीच रही। इस बीच में 18 किमी प्रति घंटा के वेग से तेज पछुआ चलती रही। ऐसा लगा मानो हवा अपने साथ आंच की लपट लिए चल रही हो। इसके चलते दोपहर में सड़कों पर आवागमन काफी विरल हो गया था। कुछेक सड़कों और घाटों पर सन्नाटा पसर गया था।
तापमान 45 तक पहुंच सकता, चल सकती तेज पछुआ
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जब तापमान जब लगातार 40 डिग्री तक पहुंच जाए और तेज हवा चले तो वह लू का रूप ले लेती है, इसे हीट वेव या उष्ण् लहर कहते हैं। रविवार व सोमवार को ऐसी संभावना बन रही है। लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है