'रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं', थैलेसीमिया एसोसिएशन के रक्तदान शिविर में संजय टंडन का संदेश
- By Gaurav --
- Sunday, 19 Jul, 2026
'No Donation is Greater Than Blood Donation': Sanjay Tandon at Thalassemia Association Camp
चंडीगढ़ में थैलेसीमिया एसोसिएशन द्वारा आयोजित 33वें वार्षिक रक्तदान शिविर में 100 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। पीजीआई की टीम के सहयोग से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं और रक्तदाताओं ने भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी संजय टंडन ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 10 वर्षों से इस शिविर में शामिल हो रहे हैं और पिछले 33 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह शिविर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
संजय टंडन ने कहा कि रक्त ऐसी अमूल्य चीज है जिसे किसी प्रयोगशाला में तैयार नहीं किया जा सकता। एक इंसान ही दूसरे इंसान की जान बचा सकता है, इसलिए प्रत्येक सामाजिक संस्था को समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित करने चाहिए।
इस दौरान नशे की बढ़ती समस्या पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नशा आज समाज की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। इससे निपटने के लिए सरकार और पुलिस के साथ-साथ परिवारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की दिनचर्या और गतिविधियों पर नियमित नजर रखें, ताकि उन्हें नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके।